भोपाल: बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘हिंदू राष्ट्र’ की मांग के समर्थन में प्रस्तावित यात्रा के खिलाफ दलित पिछड़ा समाज संगठन (DPSS) ने कानूनी और राजनीतिक मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने इस यात्रा को ‘गैर-संवैधानिक’ बताते हुए इसे रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर करने की घोषणा की है। इसके साथ ही, शास्त्री की यात्रा के जवाब में 16 नवंबर से ‘संविधान बचाओ यात्रा’ निकालने का भी ऐलान किया गया है।
यह जानकारी DPSS के प्रमुख और आजाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) के वरिष्ठ नेता दामोदर सिंह यादव ने भोपाल में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर दी जाएगी।
ये भी पढ़ें
जवाब में ‘संविधान बचाओ यात्रा’
दामोदर सिंह यादव ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री की यात्रा का उद्देश्य संविधान को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि संगठन इस राजनीतिक एजेंडे को सफल नहीं होने देगा।
“हम धीरेंद्र शास्त्री के राजनीतिक एजेंडे को पूरा नहीं होने देंगे। हम भी उनकी यात्रा का जवाब ‘संविधान बचाओ यात्रा’ के माध्यम से देंगे।” — दामोदर सिंह यादव, प्रमुख, DPSS
यह यात्रा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण 16 नवंबर को ग्वालियर से शुरू होगा और पिछोर में एक बड़ी रैली के साथ समाप्त होगा। दूसरे चरण में यह यात्रा बुंदेलखंड के विभिन्न जिलों से होते हुए छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम तक पहुंचेगी। यादव के अनुसार, इस यात्रा का मकसद ‘पाखंड और आडंबर का पर्दाफाश’ करना है।
‘मंडल के खिलाफ कमंडल की राजनीति’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पूर्व विधायक आर.डी. प्रजापति ने इसे ओबीसी आरक्षण की लड़ाई को कमजोर करने की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि यह भाजपा द्वारा प्रायोजित एक कदम है।
“हम लोग ओबीसी आरक्षण की लड़ाई लड़ रहे हैं, और उसे कमजोर करने के लिए ही सरकार ने धीरेंद्र शास्त्री को आगे किया है। जब भी बहुजन समाज अपने अधिकार की मांग करता है, भाजपा मंडल के खिलाफ कमंडल का उपयोग कर लोगों को भ्रमित करने का कार्य करती है।” — आर.डी. प्रजापति, पूर्व विधायक
प्रजापति ने कहा कि अब लोग जागरूक हो चुके हैं और किसी के बहकावे में नहीं आएंगे। उन्होंने बताया कि ‘संविधान बचाओ यात्रा’ का पहला चरण ग्वालियर-चंबल संभाग और दूसरा चरण बुंदेलखंड में आयोजित कर धीरेंद्र शास्त्री के कार्यों का विरोध किया जाएगा। इस दौरान पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रमुख महासचिव अमित बनसोड, प्रदेश महासचिव कमल सिंह कुशवाह और भोपाल जिला अध्यक्ष दिलीप म्हस्के भी उपस्थित रहे।
भोपाल से जितेंद्र यादव की रिपोर्ट