
Digvijaya Singh
Digvijaya Singh Write Letter to The Governor : पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राज्यपाल मंगू भाई पटेल को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने बीएड और एमएड कॉलेजों में घोटाले का आरोप लगाते हुए लिखा कि प्रदेशभर में इन कॉलेजों का संचालन नियमों को ताक पर रखकर किया जा रहा है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने इसकी जांच कराए जाने की मांग की है।
अपने पत्र में दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि भोपाल, उज्जैन, इंदौर सहित प्रदेश के कई जिलों में बीएड और एमएड कॉलेजों का संचालन मापदंडों को दरकिनार कर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई कॉलेज सिर्फ एक कमरे में संचालित किए जा रहे हैं, जहां बुनियादी सुविधाओं और योग्य शिक्षकों का अभाव है।
दिग्विजय सिंह का राज्यपाल को पत्र, जाँच की मांग
दिग्विजय सिंह ने राज्यपाल मंगू भाई पटेल को पत्र में कहा है कि पिछले साल हुए नर्सिंग घोटाले की तरह ही बीएड और एमएड कॉलेजों में भी छात्रों को फर्जी फैकल्टी के रूप में दर्शाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में ईओडब्ल्यू ने इसकी जाँच शुरु की है और संबंधित पक्षों को नोटिस जार कर दस्तावेज मांगे गए हैं। इसी के साथ उन्होंने राज्यपाल से मांग की है कि प्रदेश स्तर के वरिष्ठ अधिकारी से मामले की जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बीएड-एमएड कॉलेजों में घोटाले का आरोप
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा है कि भोपाल, उज्जैन और इंदौर सहित प्रदेश भर में कई स्थानों पर नियमों को ताक पर रखकर एक कमरे में बीएड और एमएड कॉलेज संचालित किए जा रहे हैं। यह मामला शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। याद दिला दें कि पिछले साल नर्सिंग घोटाले को लेकर भी कांग्रेस लगातार सरकार पर हमलावर थी। अब एक फिर दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश में बीएड और एमएड कॉलेजों के घोटाले की बात कहते हुए जाँच की मांग की है।

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

