जस्ट डायल के माध्यम से करोड़ों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, देवास पुलिस ने पकड़े शातिर ठग

जांच के दौरान यह पता चला कि आरोपी उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में ठहरे हुए हैं। इसके बाद देवास पुलिस की टीम ने लगभग 1000 किलोमीटर दूर दबिश देकर पाँच शातिर ठगों को होटल से गिरफ्तार किया।
Dewas Police arrests

Dewas Police arrests gang involved in fraud through Just Dial

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा राज्य में ठगी और आर्थिक अपराधों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में देवास पुलिस ने एक बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस ने “जस्ट डायल” वेबसाइट के माध्यम से विभिन्न राज्यों में करोड़ों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

प्रॉपर्टी ब्रोकर ने की थी शिकायत 

देवास जिले के औद्योगिक क्षेत्र थाना में एक प्रॉपर्टी ब्रोकर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ व्यक्तियों ने अत्यंत कम दर पर जमीन बेचने का झांसा देकर उससे 29 लाख 50 हजार रूपए की ठगी की है। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग तथा बैंक खातों की जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान यह पता चला कि आरोपी उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में ठहरे हुए हैं। इसके बाद देवास पुलिस की टीम ने लगभग 1000 किलोमीटर दूर दबिश देकर पाँच शातिर ठगों को होटल से गिरफ्तार किया।

आरोपियों से नकदी,लग्जरी कारें बरामद 

पुलिस ने आरोपियों से 29 लाख 50 हजार रूपए नकद, दो लग्जरी कारें, तथा बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह ने मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में इसी तरह की ठगी की घटनाएँ की हैं। आरोपी फर्जी पहचान पत्र, अलग-अलग मोबाइल सिम और नकली एग्रीमेंट दस्तावेज़ों का उपयोग कर अपनी पहचान छिपाते थे। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। देवास पुलिस की यह कार्रवाई राज्य पुलिस की तकनीकी दक्षता, त्वरित प्रतिक्रिया और अंतरराज्यीय समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है।

जब्त संपत्तियों की न्यायालयीय कुर्की 

इसी प्रकार, कुछ दिनों पूर्व उज्जैन जिले की नागदा पुलिस ने फसल खरीदी के नाम पर किसानों से लगभग ₹5 करोड़ की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मकान, प्लॉट और वाहन सहित करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की है। जब्त संपत्तियों की न्यायालयीय कुर्की की प्रक्रिया जारी है ताकि पीड़ित किसानों को उनका धन वापस मिल सके।

पुलिस की सख्ती 

इन दोनों कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि मध्यप्रदेश पुलिस हर आर्थिक अपराध पर सजग, पेशेवर और तकनीकी रूप से सक्षम कार्रवाई कर रही है। डीजीपी द्वारा सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों की गहराई से विवेचना की जाए, अपराधियों की अवैध संपत्ति जब्त की जाए और आमजन को सतर्क करने के लिए अभियान चलाए जाएं। मध्य प्रदेश पुलिस जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सक्रिय और प्रतिबद्ध है।

Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews