गुना बस हादसा : सीएम मोहन यादव बोले- सरकार पीड़ित परिवारों के साथ, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी, घटना की जांच के आदेश दिए

CM Dr Mohan Yadav

Guna Bus Accident : गुना में हुई भीषण और ह्रदय विदारक बस दुर्घटना के बाद सीएम मोहन यादव ने पूरी घटना के जाँच के आदेश कर दिए हैं उन्होंने कहा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाएं ना हो इसके प्रबंध किये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने इस घटना के बाद अपने कार्यक्रम में बदलाव किया है और खुद गुना जाकर मृतकों के परिजनों और घायलों से मुलाकात करने का फैसला लिया है।

डंपर की टक्कर से आग के गोले में बदल गई यात्रियों से भरी बस 

बीती रात साढ़े आठ बजे के करीब गुना जिले के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र की सेमरी घाटी पर एक डंपर ने सामने से आ रही यात्रियों से भरी बस में जोरदार टक्कर मार दी, टक्कर से बस पलट गई और थोड़ी ही देर में आग के गोले में बदल गई, कुछ यात्रियों ने जैसे तैसे कांच तोड़कर अपनी जान बचाई लेकिन कई लोग बस के अन्दर भी भस्म हो गए। दुर्घटना में मृतकों की संख्या 13 और घायलों की संख्या 17 बताई गई है, घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा 

दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने घटना की जांच के आदेश दिए और  मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। सीएम यादव ने कहा कि मैंने दुर्घटना के बाद कलेक्टर और एसपी से बात की है, मैं खुद वहां जा रहा हूँ ।

सीएम यादव बोले- जो जवाबदार होगा उस पर कड़ी कार्रवाई होगी 

उन्होंने कहा कि घटना दुखद और ह्रदय विदारक है, कोशिश की जाएगी कि भविष्य में ऐसी कोई भी दुर्घटना ना हो इसके प्रबंध किये जायेंगे, मैंने जांच के आदेश भी दिए हैं, बस का यदि परमिट नहीं था तो वो सड़क पर कैसे चल रही थी इसकी जांच की जाएगी, जो भी दोषी होगा किसी को छोड़ा नहीं जायेगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews