मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सीधी जिले में किये गये औचक निरीक्षण के बाद सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी और गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी का तबादला कर दिया गया है। विकास मिश्रा को सीधी का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं हितिका वसल को गुना पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश भी जारी कर दिए हैं।

ये है पूरा मामला

दरअसल, रविवार (22 मार्च 2026) को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अचानक सीधी जिले के दौरे पर पहुंचे और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर प्रशासनिक व्यवस्था व योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन की स्थिति जानी। इस दौरान  विभिन्न मुद्दों पर जनता से मिली शिकायतों और प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए। उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन के पद पर पदस्थ किया गया है। साथ ही आयुक्त, आर्थिक एवं सांख्यिकी, भोपाल और सचिव, राज्य सांख्यिकी आयोग (अतिरिक्त प्रभार) की जिम्मेदारी दी गई है।

जिला सहकारी बैंक महाप्रबंधक भी निलंबित

इसके साथ ही शिकायतों के घेरे में आए सीधी जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक (GM) पी.एस. धनवाल को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सीधी में निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट भवन के धीमे काम पर नाराजगी जताई व अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि जनता के काम में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गुना एसपी पर गिरी गाज

मुख्यमंत्री यादव ने गुना जिले में तलाशी के दौरान मिली नगद राशि में हेरफेर के मामले में पुलिस अधीक्षक गुना अंकित सोनी की भूमिका को यथोचित न मानते हुए पद से हटाने के निर्देश भी दिये। सोनी को पुलिस मुख्यालय (PHQ) भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) के पद पर पदस्थ किया गया है। बता दें कि गुना के धरनावदा थाना क्षेत्र (रुठियाई चौकी) में 19 मार्च को एक वाहन चेकिंग के दौरान एक व्यापारी की कार से करीब 1 करोड़ रुपये बरामद हुए थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने इसमें से 20 लाख रुपये की हेराफेरी की। बता दें कि इस मामले में पहले ही चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका था, लेकिन अब एसपी पर कार्रवाई की गई है।

 

Transfer Order