
CM Dr Mohan Yadav
मध्य प्रदेश में निवेश करने के लिए निवेशकों को आमंत्रित करने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव देश विदेश के दौरे पर जा रहे हैं और उन्हें मध्य प्रदेश में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और सरकार की उद्योग फ्रेंडली नीतियों के बारे में जानकारी दे रहे हैं, पिछले दिनों सीएम यादव दिल्ली गए थे इसी क्रम में अब वे कल 10 सितम्बर को कोलकाता जायेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 10 सितम्बर को कोलकाता में उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। सीएम टेक्सटाइल, वस्त्र एवं परिधान, आई टी, ईएसडीएम, मैन्युफैक्चरिंग, फूड प्रोसेसिंग, रिन्यूएबल एनर्जी सहित सभी प्रमुख सेक्टर में संभावित निवेश अवसरों और व्यावसायिक साझेदारी पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
पीएम मित्रा पार्क में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा
कोलकाता में होने वाले इंटरैक्टिव सेशन में मध्य प्रदेश के पीएम मित्रा पार्क की निवेश संभावनाओं को विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही निवेश-उपयुक्त परियोजनाएं, इंटीग्रेटेड लैंड बैंक, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर्स, प्लग-एंड-प्ले इन्फ्रास्ट्रक्चर और हाल ही में लागू की गई 18 नई निवेश नीतियों की जानकारी साझा की जाएगी। इज ऑफ डुईंग बिजनेस के तहत निवेशकों के लिए सुगम वातावरण और राज्य की मजबूत आधारभूत संरचना के बारे में भी बताया जाएगा।
फिल्म के माध्यम से प्रदेश की औद्योगिक प्रगति दर्शाई जाएगी
कार्यक्रम के दौरान “इनफिनिट पॉसिबिलिटीज इन मध्य प्रदेश” फिल्म प्रदर्शित की जाएगी, जिसमें प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना और निवेश-अनुकूल माहौल को दिखाया जाएगा। यह फिल्म उद्योग जगत को निवेश के लिए उपलब्ध अवसरों और लाभों से परिचित कराएगी।
उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव देंगे विस्तृत जानकारी
प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेंद्र कुमार सिंह निवेशकों को विस्तृत प्रस्तुति देंगे, जिसमें निवेश-उपयुक्त परियोजनाओं, औद्योगिक क्षेत्रों में अवसरों और नीतिगत सुविधाओं की जानकारी दी जायेगी।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

