जबलपुर के नगर निगम रांझी जोन में नामांतरण के एवज में रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। लोकायुक्त जबलपुर टीम ने मंगलवार को नगर निगम रांझी के टैक्स कलेक्टर टीसी को 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पत्नी के नाम टैक्स रसीद चढ़ाने के लिए मांगे 5 हजार
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक दीपक कुशवाहा की पत्नी के नाम नजूल का एक मकान है। इस मकान की टैक्स रसीद में पुराने करदाता का नाम दर्ज था। उसकी जगह अपनी पत्नी का नाम दर्ज कराने के लिए जब आवेदक ने प्रक्रिया शुरू की तो आरोपी चन्द्रभान नोनिया टैक्स कलेक्टर संभागीय कार्यालय नगर निगम जोन क्रमांक 10 रांझी ने 5,000 रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
आवेदक के घर पर किया ट्रैप
जिसकी शिकायत लोकायुक्त जबलपुर में की गई जिसके बाद सत्यापन उपरांत ट्रैप की कार्रवाई की गई। आज आरोपी को आवेदक के घर मुंडी टोरिया रांझी में तीन रुपए की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त टीम द्वारा रंगे हाथों पकड़ा गया।
इन धाराओं में मामला दर्ज
लोकायुक्त जबलपुर ने टैक्स कलेक्टर चन्द्रभान नोनिया आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन 2018 की धारा 7, 13/1 बी एवं 13/2 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैप दल में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई के दौरान निरीक्षक उमा कुशवाह, निरीक्षक जितेन्द्र यादव, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय, विजय बिष्ट सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम मौजूद रही। आरोपी के खिलाफ की गई इस कार्रवाई से जबलपुर नगर निगम में हड़कंप की स्थिति है।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट





