Hindi News

सुबह-सुबह जीतू पटवारी की पॉज़िटिव बातें: आर्थिक असमानता पर तंज, कहा “देश में बन रहे हैं दो भारत, अमीर-गरीब के बीच बढ़ी खाई”

Written by:Shruty Kushwaha
Last Updated:
कांग्रेस नेता ने देशवासियों से आग्रह किया कि वे पहले प्रधानमंत्री के 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' का वादा याद करें। फिर राहुल गांधी के उस बयान पर गौर करें जिसमें उन्होंने कहा था कि देश में अमीरों और गरीबों के दो भारत बन रहे हैं। और फिर अपने घर की स्थिति पर नज़र डालें। उन्होंने कहा कि देश की जनता देखे और समझे कि राहुल गांधी जो सवाल उठाते हैं..वो उनके हालात से जुड़े हैं या नहीं और फिर तय करें कि कौन देशहित की बात कर रहा है।
सुबह-सुबह जीतू पटवारी की पॉज़िटिव बातें: आर्थिक असमानता पर तंज, कहा “देश में बन रहे हैं दो भारत, अमीर-गरीब के बीच बढ़ी खाई”

Jitu Patwari

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर सकारात्मक सुबह की शुभकामना देते हुए देश में बढ़ती आर्थिक असमानता पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा “गुड मॉर्निंग..सुबह का नमस्कार। सुबह सुबह हमेशा सकारात्मक और उम्मीद वाली बातें होनी चाहिए।” इसी के साथ उन्होंने कहा कि देश में अमीरों का और गरीबों का अलग भारत बन रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि हाल ही में जारी विभिन्न वैश्विक अमीरों की सूचियों और बिलियनेयर इंडेक्स में भारत के अरबपतियों की संपत्ति में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि देश के करीब 297 लोगों की कुल संपत्ति एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि गौतम अडाणी की संपत्ति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जबकि मुकेश अंबानी अब भी एशिया और भारत के सबसे अमीर व्यक्तियों में शामिल हैं।

जीतू पटवारी ने आर्थिक असमानता पर साधा निशाना 

जीतू पटवारी ने कहा “सुबह सुबह पॉजिटिव बातें होनी चाहिए, नेगेटिव नहीं और हम सिर्फ बातें शेयर कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि हाल ही में खबर सामने आई है जिसमें देश के 297 लोगों की कुल संपत्ति एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। गौतम अडाणी की संपत्ति में 13 प्रतिशत वृद्धि हुई है, जबकि मुकेश अंबानी देश के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत के 297 लोगों के पास करीब 100 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति है। इन सबके बीच अमेरिका ने अडाणी जी पर लगे सारे केस वापस ले लिए हैं और अडाणी जी ने अमेरिका में एक लाख करोड़ रुपये (10 बिलियन डॉलर) निवेश करने का वचन दे दिया है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने हालिया फोर्ब्स और हुरुन जैसी रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि जैसे ही वन ट्रिलियन डॉलर की इस संपत्ति की खबर आई, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का वादा याद आ गया। साथ ही राहुल गांधी का वो भाषण भी याद आया जिसमें वे कहते हैं कि दो भारत बन रहे हैं “एक गरीबों का और एक अमीरों का”।

पीएम मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ वादे पर उठाए सवाल

उन्होंने पीएम मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ वादे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री, बीजेपी और आरएसएस ने देश से यह वादा किया था..लेकिन आज आर्थिक रूप से भारत विभाजित हो रहा है। अब अमीरों का भारत और गरीबों का भारत अलग अलग है। कांग्रेस नेता ने देशवासियों से कहा कि “ऐसा है या नहीं, ये आप लोगों को तय करना है। आप लोगों के घर की स्थिति क्या है, उसे देखिए। अडाणी का एक साल में तेरह प्रतिशत पैसा बढ़ गया है। आप सबके घर में भी संपत्ति घटी या बढ़ी है, उसे चेक कीजिए।” जीतू पटवारी ने जनता से अपील की है कि राहुल गांधी का अमीरों और गरीबों वाले भारत का भाषण सच है या झूठ, वे इसे अपने मन से पूछें। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राजनीति के लिए बोलते हैं या देश के लिए, यह भी अंतर्मन से पूछिए। और राहुल गांधी जो सवाल उठाते हैं, उनका आपके घर पर क्या असर पड़ रहा है इसे महसूस कीजिए।

बता दें कि हाल ही में बिलियनेयर इंडेक्स और अमीरों की सूचियों में भारत के अरबपतियों की संपत्ति बढ़ने का उल्लेख किया गया है। इस साल के ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार गौतम अडाणी करीब 92.6 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ एशिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में शामिल रहे, जबकि मुकेश अंबानी की संपत्ति 90 अरब डॉलर से अधिक बताई गई है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews