अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का सम्मान करेगी कमलनाथ सरकार

अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का सम्मान करेगी कमलनाथ सरकार

भोपाल। जेएनयू विवाद के बाद अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को लेकर मध्य प्रदेश में सियासत गर्म है| भाजपा के विरोध के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दीपिका की फिल्म छपाक को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया है| अब सरकार दीपिका का सम्मान करेगी| प्रदेश के जनसम्पर्क मंत्री पीसी शर्मा ने इसकी जानकारी दी| 

मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार छपाक के लिए दीपिका पादुकोण को सम्मानित करेगी। शर्मा ने बताया कि इंदौर में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (आईफा अवॉर्ड्स) के दौरान जब दीपिका पादुकोण इंदौर आएंगी तब उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा। इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ ने छपाक को टैक्स फ्री करने का ऐलान किया था। वही आज शुक्रवार को बीजेपी द्वारा विरोध करने के बाद सीएम ने ट्वीटर के माध्यम से जनता से फिल्म देखने की अपील की। इधर  एनएसयूआई ने फ्री में फिल्म के टिकट भी बांटे। वही बीजेपी ने छपाक का विरोध करते हुए तानाजी फिल्म देखने के लिए लोगों को फ्री टिकट बांटी।

बता दे कि दीपिका की छपाक आज देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है।छपाक फिल्म एसिड अटैक पीड़िताओं के ऊपर आधारित है।  दीपिका के जेएनयू जाने के बाद फिल्म को लेकर लोगों की अलग अलग राय बनी हुई है। वही राजनीति भी जमकर हो रही है। कांग्रेस शासित प्रदेशों में इसे टैक्स फ्री कर दिया गया है, वही बीजेपी इसका विरोध कर रही है| प्रदेश में जहां कांग्रेसी सडकों पर उतरकर जनता से फिल्म देखने की अपील कर रहे है वही बीजेपी पोस्टर जलाकर विरोध कर रही है।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews