कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए पंजीयन की तिथि बढ़ी, अब 31 अक्टूबर तक करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन, MSP पर खरीदेगी सरकार

जानकारी के मुताबिक MSP पर कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए श्रीअन्न फेडरेशन को 80 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त ऋण शासन के मूल्य स्थिरीकरण कोष से प्रदान किया जायेगा।
Kodo-Kutki

मध्य प्रदेश सरकार इस साल कोदो-कुटकी का उपार्जन MSP पर करने जा रही है, इस समय इसके पंजीयन हो रहे हैं, अच्छी खबर ये है कि सरकार ने पंजीयन की तारीख बढ़ा दी है, अब किसान 31 अक्टूबर तक कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए पंजीयन करा सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए कोदो- कुटकी उपार्जन के लिए पंजीयन की तिथि 31 अक्टूबर 2025 तक बढ़ा दी है। खरीफ वर्ष 2025 में ई-उपार्जन पोर्टल पर अभी तक पंजीयन 10 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक किये गए थे लेकिन अब किसानों की मांग पर इसे बढ़ा दिया गया है।

इन 16 जिलों में होगा उपार्जन  

उल्लेखनीय है कि रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना अंतर्गत श्रीअन्न प्रोत्साहन कंसोर्टियम ऑफ फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा मध्य प्रदेश के 16 जिलों में कोदो-कुटकी का उपार्जन किया जाना है, जिन जिलों में कोदो-कुटकी का उपार्जन किया जायेगा उनमें जबलपुर, कटनी, मंडला, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मैहर, सतना, मऊगंज, बालाघाट एवं सिवनी शामिल हैं।

कुटकी 3500 रुपये, कोदो 2500 रुपये प्रति क्विंटल MSP 

गौरतलब है कि 14 अक्टूबर को हुई कैबिनेट की बैठक में मध्य प्रदेश सरकार ने MSP पर कोदो-कुटकी के उपार्जन का बड़ा फैसला लिया था, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में जानकारी दी गई है कि खरीफ 2025 में उत्पादित श्रीअन्न कुटकी 3500 रुपये प्रति क्विंटल एवं कोदो 2500 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से लगभग 30 हजार मेट्रिक टन का उपार्जन किया जायेगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews