मध्य प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, कांग्रेस विधायकों ने हाथों में संविधान लेकर किया विरोध प्रदर्शन

MP विधानसभा का शीतकालीन सत्र हंगामे के साथ शुरु हुआ और हंगामे के साथ ही खत्म हुआ। आज कांग्रेस ने बीजेपी पर बाबा साहब अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। इसी के साथ राहुल गांधी पर हुई FIR को भी मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए की गई कार्रवाई बताते हुए विधानसभा परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और बीजेपी को दलित विरोध पार्टी बताया।
Madhya Pradesh Assembly

Madhya Pradesh Assembly adjourned indefinitely : मध्य प्रदेश विधासनभा शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। इससे पहले आज कांग्रेस विधायकों ने बीजेपी पर बाबा साहब अंबेडकर के अपमान का आरोप लगाते हुए, विधानसभा में हाथों में संविधान लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इसी के साथ उन्होंने राहुल गांधी पर हुई FIR का भी विरोध किया।

इस बार विधानसभा का शीतकालीन सत्र कांग्रेस के विशाल धरना प्रदर्शन और विधानसभा घेराव के साथ शुरु हुआ। इसके बाद सदन में भी खाद संकट, किसानों की समस्याओं सहित अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार हमलावर रही। एक दिन पहले नेता प्रतिपक्ष ने घोषणा की कि अब कांग्रेस विधायक सरकार से वेतन नहीं लेंगे और अवैतनिक रूप से अपने क्षेत्र में कार्य करेंगे। बीजेपी सरकार पर कांग्रेस विधायकों को विकासकार्यों के लिए राशि आवंटित करने में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने ये फैसला लिया है।

कांग्रेस ने हाथों में संविधान लेकर किया विरोध प्रदर्शन

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विधानसभा में विरोध प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि ‘आज मध्यप्रदेश विधानसभा में हाथों में संविधान लेकर कांग्रेस विधायक दल के साथ, संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर जी के अपमान और श्री राहुल गांधी जी पर हुई झूठी FIR पर विरोध प्रदर्शन किया। गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में बाबा साहेब का अपमान किया। बाबा साहेब हमारे पूज्यनीय हैं, और उनका अपमान हिंदुस्तान कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी एवं राज्यसभा नेता प्रतिपक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी ने बाबा साहेब के अपमान के खिलाफ आवाज उठाई, तब जानबूझकर भाजपा के लोगों ने धक्का-मुक्की की। इसके बाद झूठे आरोपों के तहत श्री राहुल गांधी जी पर केस दर्ज किया गया। जो FIR दर्ज की गई है, वह राहुल गांधी जी के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह अंबेडकर जी और सामाजिक न्याय के खिलाफ है। यह भाजपा की एक सोची-समझी साजिश है, जो मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए की जा रही है, और यह भाजपा की दलित-विरोधी मानसिकता को उजागर करती है।’

बीजेपी पर आरोप

बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को लेकर एक बयान दिया था, जिसे लेकर कांग्रेस लगातार हमलावर है। उसने इस बयान का विरोध जताते हुए इसे देश के संविधान और पूरे दलित समाज का अपमान बताया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अमित शाह का बयान डॉ. अंबेडकर का अपमान है। इसे लेकर कांग्रेस बीजेपी से माफी मांगने की मांग कर रही है, वहीं संसद परिसर में गुरुवार को हुई धक्का मुक्की के बाद राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का भी विरोध कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि ये एफआईआर राहुल गांधी के नहीं, बाबा साहब अंबेडकर के खिलाफ है और बीजेपी सरकार मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ये सब कर रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews