दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने एक निम्न दबाव के क्षेत्र और एक ट्रफ लाइन के चलते मध्य प्रदेश में आज सोमवार को बादल छाने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इससे पहले रविवार (22 फरवरी 2026) को दिन के अधिकतम तापमान में 1 से 1.5°C तक की वृद्धि दर्ज की गई थी। सबसे अधिकतम तापमान धार और मंडला में 33 °C और सबसे कम पचमढ़ी में 10.2 °C रिकॉर्ड किया गया।
जानिए क्या कहता है मध्य प्रदेश का मौसम विभाग
मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में निम्न दबाव क्षेत्र, चक्रवातीय परिसंचरण और एक ट्रफ विस्तृत है। पश्चिमी जेट धारा औसत समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर लगभग 95 नॉट की मुख्य पवन गति पर उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर सक्रिय है। इसके असर से पूर्वी हिस्सों के जिलों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।
सोमवार को इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, सिवनी, अनूपपुर, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। यह चौथा मौका होगा जब 23 फरवरी से फिर कुछ क्षेत्रों में वर्षा की संभावना जताई गई है। इससे पहले 18 फरवरी से तीसरा दौर शुरू था, जिसका असर 19, 20 और 21 फरवरी तक रहा। वहीं फरवरी के पहले दूसरे हफ्ते में दो दौर देखने को मिले थे।
फसलों को भारी नुकसान, सर्वे के बाद मिलेगी राहत राशि
बीते दिनों प्रदेश के आधे हिस्से में हुई बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कई जिलों में खेतों में खड़ी पकी फसलें आड़ी हो गई। हालांकि मोहन सरकार ने फसलों को हुए नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया है। कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि किसी भी किसान को नुकसान की स्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और राज्य सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी। विभिन्न क्षेत्रों में हुई वर्षा एवं ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के नुकसान की राहत राशि देने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाएगा। जिन-जिन जिलों में वर्षा और ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आई हैं, वहां तत्काल प्रभाव से जांच के आदेश दे दिए गए हैं, ताकि प्रभावित किसानों को राहत राशि का भुगतान समय पर किया जा सके।
पचमढ़ी में पारा 10 °C पार, मंडला में 33 °C (न्यूनतम-अधिकतम तापमान)
- पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 10.2 °C
- राजगढ़ में 11.0°C
- कल्याणपुर (शहडोल) में 11.2°C
- करौंदी (कटनी) में 11.4°C
- मंदसौर में 11.5°C
- मंडला में 33 °C
- अलीराजपुर में 31.8 °C
- इंदौर/खरगोन में 31.6 °C
- धार, बड़वानी, नरसिंहपुर में 31.2°C
- उज्जैन में 31 °C
5 बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान
- भोपाल में 14.6°C
- इंदौर में 13.7°C
- जबलपुर में 15.4°C
- ग्वालियर में 15.0°C
- उज्जैन में 16.0°C
MP Weather Forecast Report







