MP College Admission: छात्रों को प्रवेश का एक और मौका, रिक्त सीटों पर 16 सितंबर तक अतिरिक्त CLC, NCTE पाठ्यक्रमों में प्रवेश पर भी अपडेट

MP College Admission: शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए छात्रों को अतिरिक्त अवसर , रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए अंतिम अतिरिक्त सीएलसी चरण 12 से 16 सितंबर तक, “पहले आओ पहले पाओ” सिद्धांत के आधार पर एडमिशन
college Admission

मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश से वंचित छात्रों को प्रवेश का एक और अवसर दिया गया है। विभाग ने कॉलेज लेवल काउंसलिंग चरण की अवधि में फिर वृद्धि की है। इसके तहत स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग चरण 12 से 16 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।

अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग चरण  में शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर प्रवेश की कार्यवाही की जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित अवधि में प्रवेश की कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

विद्यार्थी उपलब्ध रिक्त सीटों का लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि में संबंधित महाविद्यालय में प्रवेश की कार्यवाही पूर्ण कर सकते हैं। 16 सितंबर को निर्धारित समय के पश्चात प्रवेश मान्य नहीं होगा। उच्च शिक्षा संचालनालय ने सभी संबंधित महाविद्यालयों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूर्ण करें।

बता दें कि उच्च शिक्षा संचालनालय द्वारा पूर्व में जारी आदेश के अनुसार रिक्त सीटों पर “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर प्रवेश की प्रक्रिया 21 से 31 अगस्त तक निर्धारित की गई थी। इससे पहले 10 से 14 अगस्त तक CLC आयोजित की गई थी।

गौरतलब है कि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ई-प्रवेश प्रणाली के तहत 31 जुलाई 2026 की स्थिति तक शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 5 लाख 24 हजार 48 छात्रों ने प्रवेश लिया। इसमें 2 हजार 1 महाविद्यालयों (1 हजार 256 सामान्य एवं 745 एनसीटीई महाविद्यालयों) में 7 लाख 51 हजार 123 छात्रों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया। इनमें 6 लाख 60 हजार 981 छात्रों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा 5 लाख 24 हजार 48 छात्रों को प्रवेश दिया गया था।

NCTE पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि आज, 17 सितंबर को सीट आवंटन

इसके अलावा शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय/ अशासकीय महाविद्यालयों में संचालित राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) से संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तृतीय चरण के लिए आवेदन की आज, 13 सितंबर अंतिम तिथि है। पंजीकृत आवेदनों के दस्तावेजों का सत्यापन 15 सितंबर तक किया जाएगा। इसके पश्चात 16 सितंबर को मेरिट सूची प्रकाशित और 17 सितंबर को सीट आवंटित की जाएगी।

सीट आवंटन के बाद विद्यार्थियों को आवंटित हेल्प सेंटर पर मूल दस्तावेजों एवं टीसी/माइग्रेशन प्रमाण-पत्र के साथ भौतिक सत्यापन के लिए उपस्थित होकर लिंक इनिशिएट करना होगा। यह प्रक्रिया 17 से 19 सितंबर तक निर्धारित की गई है। प्रवेश शुल्क का भुगतान 17 से 20 सितंबर तक किया जा सकेगा। निर्धारित अवधि में प्रवेश शुल्क का भुगतान नहीं करने पर आवेदक का प्रवेश मान्य नहीं होगा। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम चरण की निर्धारित समय-सारणी का ध्यान रखते हुए समय-सीमा में आवेदन, दस्तावेज सत्यापन एवं शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि प्रवेश से संबंधित किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews