मध्यप्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, उनके परिजनों, सहयोगियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों, पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक दबाव के जरिए प्रताड़ित किया जा रहा है। कांग्रेस विधायकों ने इसे लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ बताते हुए चेतावनी दी कि यदि यह सिलसिला नहीं रुका तो पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी।
कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह, जयवर्धन सिंह, फूल सिंह बरैया, हेमंत कटारे, सतीश सिकरवार, महेश परमार, पंकज उपाध्याय, बाबू जंडेल, दिनेश गुर्जर, साहब सिंह गुर्जर, नितेंद्र सिंह राठौड़, कैलाश कुशवाह और यादवेंद्र सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि जीतू पटवारी किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता के मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं इसलिए उन्हें राजनीतिक द्वेष के तहत निशाना बनाया जा रहा है।
कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जीतू पटवारी, उनके परिजनों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रही तो एक दर्जन से अधिक कांग्रेस विधायक इंदौर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर कार्रवाई का कारण पूछेंगे। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर इंदौर पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर व्यापक जनआंदोलन और धरना दिया जाएगा।
संघर्ष जारी रखने की बात कही
कांग्रेस विधायकों ने बताया कि 11 अगस्त को भोपाल में होने वाली पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक में इस पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने इंदौर पुलिस प्रशासन से राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर संविधान और कानून के अनुरूप निष्पक्ष कार्रवाई करने की अपील की। साथ ही कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का रहा है और पार्टी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।






