MP कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर लगाया प्रतिशोध की राजनीति का आरोप, जनआंदोलन की चेतावनी

विपक्ष ने कहा कि उनके नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्रवाई की जा रही है। पार्टी ने कहा कि यदि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई का सिलसिला जारी रहा तो वह चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।
MP Congress Committee

Congress Special Committee

मध्यप्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, उनके परिजनों, सहयोगियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों, पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक दबाव के जरिए प्रताड़ित किया जा रहा है। कांग्रेस विधायकों ने इसे लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ बताते हुए चेतावनी दी कि यदि यह सिलसिला नहीं रुका तो पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी।

कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह, जयवर्धन सिंह, फूल सिंह बरैया, हेमंत कटारे, सतीश सिकरवार, महेश परमार, पंकज उपाध्याय, बाबू जंडेल, दिनेश गुर्जर, साहब सिंह गुर्जर, नितेंद्र सिंह राठौड़, कैलाश कुशवाह और यादवेंद्र सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि जीतू पटवारी किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता के मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं इसलिए उन्हें राजनीतिक द्वेष के तहत निशाना बनाया जा रहा है।

कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जीतू पटवारी, उनके परिजनों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रही तो एक दर्जन से अधिक कांग्रेस विधायक इंदौर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर कार्रवाई का कारण पूछेंगे। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर इंदौर पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर व्यापक जनआंदोलन और धरना दिया जाएगा।

संघर्ष जारी रखने की बात कही 

कांग्रेस विधायकों ने बताया कि 11 अगस्त को भोपाल में होने वाली पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक में इस पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने इंदौर पुलिस प्रशासन से राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर संविधान और कानून के अनुरूप निष्पक्ष कार्रवाई करने की अपील की। साथ ही कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का रहा है और पार्टी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews