मोहन कैबिनेट बैठक आज, इन प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर, किसानों से जुड़े अहम फैसले भी लिए जा सकते हैं

मोहन सरकार की कैबिनेट बैठक में किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए दलहन फसलों पर बोनस देने से जुड़ा प्रस्ताव रखा जा सकता है। इसके अलावा विभिन्न विभागों की योजना की निरंतरता का प्रस्ताव लाया जा सकता है।
Mohan cabinet meeting

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार (5 मई 2026) को मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में अहम कैबिनेट बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में आमजन, प्रदेश के विकास और किसानों को लेकर कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

बैठक में किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए दलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने और बोनस देने से जुड़ा प्रस्ताव रखा जा सकता है।  सूत्रों के मुताबिक मसूर और उड़द जैसी फसलों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए मोहन सरकार विशेष बोनस योजना भी लागू कर सकती है। यह योजना दो चरणों में लागू की जा सकती है। पहले चरण में मसूर- उड़द और दूसरे चरण में चना-तुअर को शामिल किया जा सकता है।

इसका उद्देश्य केंद्र के ‘राष्ट्रीय दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ को राज्य में गति देना है। इस मिशन का लक्ष्य वर्ष 2030-31 तक देश में दलहन उत्पादन को 242 लाख टन से बढ़ाकर 350 लाख टन करना है, साथ ही खेती का रकबा भी बढ़ाया जाना है।  इन फसलों के उत्पादन पर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के ऊपर अतिरिक्त बोनस दिया जा सकता है। चर्चा है कि उड़द उत्पादक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के अलावा 600 प्रति क्विंटल रुपए तक का बोनस दिया जा सकता है।

राज्य के अंदर 5 नई दाल मिलें स्थापित करने का प्रस्ताव भी आ सकता है। इसके लिए सब्सिडी देने पर विचार किया जा सकता है। विभिन्न विभागों की योजना की निरंतरता का प्रस्ताव पर भी मुहर लग सकती है। महिला एवं बाल विकास और लोक निर्माण विभाग की कुछ योजनाओं को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने का प्रस्ताव बैठक में लाया जा सकता है।  बता दें कि पिछली कैबिनेट बैठक में 53 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं को 2031 तक जारी रखने को मंजूरी दी गई थी।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews