MP News : विधानसभा चुनाव से पहले पांढुर्णा और मैहर दो नए जिले गठित, अधिसूचना जारी

MP News : विधानसभा चुनाव से पहले पांढुर्णा और मैहर दो नए जिले गठित, अधिसूचना जारी

MP News : मध्य प्रदेश सरकार ने आज गुरुवार को छिंदवाड़ा के पांढुर्णा को और सतना के मैहर को प्रदेश के नए जिले बनाने के आदेश जारी कर दिए, शासन ने इस आशय की अधिसूचना भी जारी कर दी है, इन जिलों के गठन के साथ ही मध्य प्रदेश में अब जिलों की संख्या बढ़कर 55 हो गई है। शिवराज कैबिनेट की स्वीकृति के बाद राजस्व विभाग ने आदेश जारी किए।

पांढुर्णा में कुल 137 हल्के शामिल 

राजस्व विभाग की अधिसूचना के अनुसार पांढुर्णा अब छिंदवाड़ा से अलग होकर नया जिला बन गया है। पांढुर्णा जिले में पांढुर्णा तहसील के सभी 74 हल्के तथा सौंसर तहसील के सभी 63 हल्के कुल 137 पटवारी हल्के समाविष्ठ होंगे। पांढुर्णा जिले के गठन के बाद छिंदवाड़ा जिले में शेष 12 तहसीलें क्रमश: अमरवाड़ा, उमरेठ, चांद, चौरई, छिंदवाड़ा, छिंदवाड़ानगर, जुनारदेव, तामिया, परासिया, बिछुआ, मोहखेड़, हर्रई के हल्के कुल 686 हल्के शेष रहेंगे।

मैहर में कुल 234 पटवारी हल्के शामिल 

इसी प्रकार राजस्व विभाग ने मैहर को भी नया जिला बनाने की अधिसूचना जारी कर दी है, अब मैहर सतना जिले से अलग होकर स्वतंत्र जिला घोषित हो गया है इसका मुख्यालय मैहर रहेगा। इसमें मैहर तहसील के 122 पटवारी हल्के, अमरपाटन के सभी 53 हल्के और रामनगर के सभी 59 पटवारी हल्के, कुल 234 पटवारी हल्के शामिल होंगे। मैहर के जिला बनने के बाद अब  सतना जिले में कुल 496 पटवारी हल्के शेष रह जायेंगे।

MP में जिलों की संख्या बढ़कर 55 हुई 

गौरतलब है कि इससे पहले अगस्त में रीवा के मऊगंज को अलग जिला बनाने की अधिसूचना जारी हुई थी, अब इन दो नए जिलों के गठन के बाद मध्य प्रदेश में जिलों की संख्या बढ़कर 55 हो गई है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews