MP Rajya Sabha Election: भाजपा प्रत्याशी तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल आज भरेंगे नामांकन, 18 जून को होगी वोटिंग

राज्यसभा के लिए आज तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल नामांकन दाखिल करेंगे। चुघ भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और अग्रवाल भाजपा के प्रदेश मंत्री हैं। दोनों को ही संगठनात्मक रणनीति में माहिर माना जाता है।
Rajya Sabha Election 2026

मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल शनिवार, 6 जून 2026 को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। दोनों नेता दोपहर 12:30 बजे विधानसभा पहुंचकर अपना पर्चा भरेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।बैठक से पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय में विधायकों की बैठक होगी।

दरअसल, मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों पर चुनाव होने हैं। उम्मीदवार 8 जून नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि है। कागजों की जांच 9 जून तक की जाएगी, जबकि नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 11 जून तय की गई है। इसके लिए 18 जून को मतदान किया जाएगा। वर्तमान में भाजपा के कब्जे में दो सीटें हैं,  जबकि एक सीट पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का कार्यकाल पूरा होने पर खाली हुई है। कांग्रेस ने पूर्व सासंद मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया है। विधानसभा में विधायकों की संख्या के बल पर भाजपा की 2 सीटों पर जीत पूरी तरह तय मानी जा रही है, जबकि 1 सीट कांग्रेस के खाते में जाने की उम्मीद है।

भाजपा ने इस बार मौजूदा राज्यसभा सदस्य जार्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी को दोबारा मौका न देकर नए चेहरों पर दांव खेला है। दोनों का कार्यकाल जून महीने में ही समाप्त हो रहा है। इसके साथ ही पार्टी ने यह संदेश भी दिया है कि भाजपा में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं और संगठनात्मक नेताओं को भी शीर्ष स्तर पर अवसर मिलता है।

कौन है रजनीश अग्रवाल और तरुण चुघ

  • सागर जिले के मंडीबामोरा कस्बे से आने वाले रजनीश अग्रवाल वर्तमान में मध्य प्रदेश भाजपा मंत्री हैं। संगठन में बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति के विशेषज्ञ माने जाते हैं। वे जमीनी संगठन से जुड़े नेता और तेजतर्रार प्रवक्ता हैं। प्रदेश स्तर पर कई जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। पर्दे के पीछे काम करने वाले संगठनात्मक नेताओं में गिने जाते हैं। जर्नलिज्म में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त रजनीश ने अपना राजनैतिक करियर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भारतीय जनता युवा मोर्चा से शुरू किया है। खास बात ये है कि रजनीश अग्रवाल और नितिन नबीन भारतीय जनता युवा मोर्चा में साथ काम कर चुके हैं। 2011 में नितिन नबीन रजनीश अग्रवाल की शादी में भी शामिल हुए थे।
  • तरुण चुघ पंजाब के अमृतसर से आते हैं और वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं। वे पार्टी के संगठनात्मक रणनीतिकार के रूप में जाने जाते हैं । कई राज्यों में चुनावी प्रबंधन व संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।चुघ जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और तेलंगाना जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्यों और क्षेत्रों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews