MP Monsoon: 5 अगस्त के बाद फिर सक्रिय होगा मानसून, नए सिस्टम से तेज बारिश के संकेत, 42 जिलों में अब भी कम हुई है बारिश

MP Weather Today: पश्चिमी विक्षोभ के असर से 5 अगस्त से प्रदेश में फिर भारी बारिश का दौर शुरु होगा। फिलहाल प्रदेश में रिमझिम का दौर बना रहेगा।
MP Weather

मध्य प्रदेश में अब भी 15 प्रतिशत बारिश कम हुई है । भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन-जबलपुर समेत 42 जिलों में सामान्य से कम पानी गिरा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 2 दिन कहीं भी भारी बारिश की संभावना नही है लेकिन 4-5 अगस्त से फिर झमाझम बारिश का दौर शुरु हो सकता है। सोमवार को भोपाल, इंदौर और नर्मदापुरम संभागों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में चक्रवाती परिसंचरण और मानसून ट्रफ सक्रिय है। 4 अगस्त से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 5 अगस्त के बाद प्रदेश के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेजी देखने को मिल सकती है।

4 अगस्त को छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, सीधी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। वहीं 5 अगस्त को निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। इसके अलावा 6 अगस्त को प्रदेश के टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, शिवपुरी, गुना में अच्छी बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश में अब भी सामान्य से 15% कम बारिश

1 जून से 2 अगस्त 2026 के बीच मध्य प्रदेश में अब तक औसत से करीब 15 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। अब तक औसतन 15.8 इंच (401.9 मिमी) बारिश हुई है जबकी इस अवधि में 18.5 इंच (470.5 मिमी) बारिश होनी चाहिए थी। पूर्वी मध्य प्रदेश औसत से 19% और पश्चिमी मध्य प्रदेश औसत से 11% कम पानी गिरा है।

ग्वालियर-जबलपुर समेत प्रदेश के 42 जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। इनमें अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, सीधी, सिंगरौली, आगर-मालवा, अलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, हरदा, झाबुआ, भोपाल, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा शामिल हैं।

सिर्फ मऊगंज, उमरिया, शहडोल, टीकमगढ़, खंडवा, बड़वानी, खरगोन, भिंड, बुरहानपुर, देवास, इंदौर, राजगढ़ और सीहोर में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई है। इसमें देवास में सबसे ज्यादा करीब 29 इंच और आलीराजपुर में सबसे कम 4 इंच ही बरसात हुई है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews