राष्ट्रीय मतदाता दिवस : 25 जनवरी को प्रदेश के सभी 64 हजार 523 मतदान केंद्रों पर होंगे कार्यक्रम

National Voters' Day

National Voters Day : 25 जनवरी को 14 वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस है, पूरे देश के साथ साथ मध्य प्रदेश में भी कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, प्रदेश के सभी 55 जिलों में मतदाता दिवस आयोजित किया जायेगा, इस मौके पर निर्वाचन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को सम्मानित किया जायेगा।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम भोपाल में, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि  

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कंवेंशन सेंटर में 11 बजे से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसके मुख्य अतिथि राज्यपाल मंगुभाई पटेल होंगे। कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह, पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त भारत निर्वाचन आयोग ओपी रावत, कमिश्नर भोपाल डॉ. पवन शर्मा, स्टेट आईकॉन राजीव वर्मा और गोविंद नामदेव शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी को प्रदेश के सभी 64 हजार 523 मतदान केंद्रों पर 14वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा।

55 जिलों में होंगे कार्यक्रम, शासकीय सेवक होंगे सम्मानित  

अनुपम राजन ने बताया कि 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रदेश के सभी 55 जिलों में कार्यक्रम होंगे।  इसके साथ ही प्रदेश की सभी शैक्षणिक संस्थाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों और शासकीय कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई जाएगी। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण/ विधानसभा निर्वाचन 2023 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बूथ लेवल अधिकारियों और स्वीप गतिविधि में बेहतर कार्य करने वाले जिला पंचायत सीईओ/स्वीप नोडल अधिकारियों और निर्वाचन से संबंधित स्पर्धाओं में विजयी हुए प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

युवा मतदाताओं को दिलाई जाएगी शपथ 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के संदेश का प्रसारण किया जाएगा। मुख्य अतिथि युवा मतदाताओं को इपिक कार्ड का वितरण और काफी टेबल बुक का विमोचन करेंगे और राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मतदाता को शपथ दिलाई जाएगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews