भोपाल के गांधी मेडिकल कालेज के गर्ल्स हॉस्टल में उस वक़्त विवाद हो गया जब देर रात पुलिस, गर्ल्स हॉस्टल में घुसी, पुलिस के गर्ल्स हॉस्टल में घुसने की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में जूडा और मेडिकल स्टूडेंट जमा हो गए, जूडा ने पुलिस का विरोध किया कि पुलिस बिना जानकारी के गर्ल्स हॉस्टल में कैसे आई और फिर इतनी रात हॉस्टल की एक छात्रा को कोहेफिजा थाने पूछताछ के लिए ले जाना चाहती है। हालांकि छात्रों के विरोध के चलते पुलिस ने हॉस्टल में ही छात्रा से पूछताछ की।
कुछ दिन पहले MBBS फर्स्ट ईयर की छात्रा ने किया था SUICIDE
दरअसल कुछ दिन पहले गांधी मेडिकल कालेज की फर्स्ट ईयर की छात्रा रोशनी अपने हॉस्टल के कमरे में संदिग्ध हालातों में मृत मिली थी, रोशनी अलीराजपुर की रहने वाली थी और कुछ दिन पहले ही अपने घर से वापस आई थी, रोशनी का करीबन चार महीने पहले ही अक्टूबर 2025 में गांधी मेडिकल कालेज में एडमिशन हुआ था। रोशनी की मौत की सूचना मिलते ही परिजन भोपाल पहुंचे, रोशनी के परिजनों ने आरोप लगाया कि रोशनी की मौत सुसाइड नहीं बल्कि हत्या है। हालांकि रोशनी की मौत के मामलें में परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए गुरुवार को दोपहर में कोहेफिजा थाना घेर लिया, देर तक रोशनी के परिजनों और अलीराजपुर से आए आदिवासी समाज के सदस्यों ने थाने का घेराव कर नारेबाजी की। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाए कि पुलिस मामलें में गंभीरता से जांच नहीं कर रही है। लोगों के घेराव के बाद पुलिस देर रात गांधी मेडिकल कालेज के हॉस्टल पहुंची।
रोशनी की रूम पार्टनर से पुलिस करना चाहती थी पूछताछ
पुलिस रोशनी की सहेली से पूछताछ करना चाह रही थी जो उसके साथ कमरे में रहती थी, रोशनी का एडमिशन गांधी मेडिकल कालेज में होने के बावजूद उसे हॉस्टल नहीं मिला था, जिसकी वजह से वो कालेज से बाहर कोहेफिजा इलाके में पीजी में रहती थी, जिस वक़्त रोशनी का शव उसके पीजी हॉस्टल के वाशरूम मिला, उससे कुछ देर पहले तक उसकी रूम पार्टनर उसके साथ उसी कमरे में रहती थी, घटना के बाद रोशनी की रूम पार्टनर सदमे की स्थिति में थी, जिसे जूडा और उसके साथियों ने गांधी मेडिकल कालेज के हॉस्टल में शिफ्ट कर दिया था, पुलिस देर रात इसी छात्रा से पूछताछ के लिए थाने ले जाने हॉस्टल पहुंची। लेकिन छात्रों के विरोध के चलते उसे हॉस्टल से नहीं ले जा पाई।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
देर रात हॉस्टल में जाने की खबर मिलते ही मेडिकल छात्र और जूडा मौके पर पहुंचा और विरोध जताने लगा, छात्रों का आरोप है कि पुलिस बिना किसी सूचना के अचानक गर्ल्स हॉस्टल हॉस्टल में पहुंची और छात्रा को थाने ले जाने की कोशिश करने लगी, फिलहाल जूनियर डाक्टर्स ने पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की है। जूडा इसकी शिकायत पुलिस के उच्च अधिकारियों को करेंगे।





