बिहार में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार, आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादी नेपाल के रास्ते बिहार में घुस आए हैं। इनके नाम पाकिस्तान के हसनैन अली, आदिल हुसैन और मोहम्मद उस्मान बताए गए हैं। ये आतंकी अगस्त के दूसरे सप्ताह में काठमांडू पहुंचे थे और पिछले हफ्ते बिहार की सीमा में दाखिल हुए हैं।
पुलिस मुख्यालय ने जारी किया हाई अलर्ट
पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने जानकारी मिलते ही राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सभी सीमावर्ती जिलों को सतर्क कर दिया गया है और आतंकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इन आतंकियों के पासपोर्ट की जानकारी भी साझा की गई है ताकि किसी भी संदिग्ध की पहचान आसानी से की जा सके।
चुनावी सीजन में बढ़ी चिंता
बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क थीं। अब आतंकवादियों की घुसपैठ ने खतरे को और बढ़ा दिया है। आशंका है कि ये आतंकी न केवल बिहार, बल्कि देश के किसी अन्य हिस्से में भी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
खुफिया तंत्र को किया गया अलर्ट
पुलिस ने खुफिया तंत्र को सक्रिय करते हुए तुरंत जानकारी इकट्ठा करने के आदेश दिए हैं। राज्य के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीमावर्ती जिलों में विशेष जांच अभियान भी शुरू किया गया है।
जनता से सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना दें। प्रशासन का कहना है कि सतर्कता और सजगता ही आतंकियों के मंसूबों को नाकाम कर सकती है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट मोड में हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।





