बिहार (Bihar) में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को समाप्त हो चुका है। अब दूसरे चरण की वोटिंग होनी है जो 11 नवंबर को 122 विधानसभा सीटों पर होगी। ऐसे में NDA और महागठबंधन के दिग्गज नेताओं ने प्रचार प्रसार तेज कर दिया है। तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) लगातार सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं तो दूसरी ओर NDA फिर से नीतीश सरकार की बात कर रही है। NDA की ओर से शुक्रवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने भागलपुर जिले में पीरपैंती और बिहपुर में रैलियां की। बिहपुर में अमित शाह ने कांग्रेस और RJD पर जमकर निशाना साधा और बिहार में NDA सरकार बनने का दावा किया।
अमित शाह ने लालू परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर लालू यादव (Lalu Yadav) की पार्टी के नेतृत्व वाला महागठबंधन सत्ता में आया तो राज्य में ‘जंगल राज’ की वापसी हो सकती है। शाह ने कहा कि RJD का जंगल राज भले ही सालों से हाशिये पर चला गया हो, लेकिन यह एक नए रूप में वापसी करने के लिए बेताब है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राजद को युवाओं की कोई चिंता नहीं है। केंद्र में नरेंद्र मोदी और बिहार में नीतीश युवाओं के सच्चे हितैषी हैं।
ये भी पढ़ें
बिहार में बनकर रहेगा सीता मंदिर-अमित शाह
अमित शाह ने संबोधित करते हुए जनता से पूछा कि सीता मंदिर सीतामढ़ी में बनना चाहिए या नहीं! उन्होंने आगे कहा कि मैने और नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने 2 महीने पहले मंदिर का भूमिपूजन किया था और वादा किया था कि ढाई साल में मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा। इस बीच उन्होंने फिर RJD और कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि क्या बिहार में लालू यादव और राहुल गांधी (Rahul Gandhi) सीता मंदिर बना सकते हैं? उन्होंंने आगे कहा कि लालू यादव जितनी ताकत हो रोक लो लेकिन बिहार में राम मंदिर की तरह भव्य सीता मंदिर बनकर रहेगा।
अमित शाह ने कहा कि राजद कांग्रेस के कंधे पर बैठकर जंगलराज लाने का प्रयास कर रही है, लेकिन मोदी-नीतीश की सरकार इसे कभी सफल नहीं होने देगी। बिहार की जनता अब दुबारा जंगलराज की वापसी नहीं चाहेगी। तेजस्वी पर तंज कसते हुए शाह ने कहा कि अब बिहार में शहाबुद्दीन जैसे लोगों की वापसी नहीं हो सकती।
