कौन हैं अभिषेक कुमार सिन्हा? जिनको भाजपा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बनाया उम्मीदवार, पढ़ें खबर

बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव 2026 के लिए आरजेडी और जनसुराज पार्टी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने भी अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। भाजपा ने इस सीट से अभिषेक कुमार को मैदान में उतारा है।
Bihar BJP

बिहार के बांकीपुर विधानसभा में होने वाले उपचुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। जनसुराज और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बाद मंगलवार को अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है।

बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद बांकीपुर सीट खाली हुई थी। जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव का ऐलान हुआ। भाजपा ने अभिषेक कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतारा है।

कौन हैं अभिषेक कुमार?

अभिषेक कुमार स्वयं कायस्थ समुदाय से आते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उन्हें उम्मीदवार बनाकर भाजपा ने एक ओर युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने का संदेश दिया है, वहीं दूसरी ओर कायस्थ समाज के मतदाताओं को भी साधने की रणनीति अपनाई है। चूंकि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कायस्थ मतदाताओं की संख्या अच्छी-खासी है, इसलिए इस फैसले को भाजपा की महत्वपूर्ण चुनावी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

बता दें कि अभिषेक कुमार राजधानी पटना के भाजपा अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं और दो बार मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं एवं अभिषेक कुमार बीजेपी मंडल मंत्री एवं महामंत्री का पद भी संभाल चुके हैं। इतना ही नहीं इनको नितिन नबीन का करीबी भी माना जाता है। देखा जाए तो अभिषेक कुमार काफी अनुभवी और जमीनी स्तर से जुड़े नेता हैं। क्षेत्र की जनता में उनकी काफी अच्छी पकड़ मानी जाती है।

नितिन नबीन ने अभिषेक कुमार को दी बधाई

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अभिषेक कुमार को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के सच्चे सपूत, बूथ स्तर से लेकर राज्य स्तर तक विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने वाले समर्पित, स्थानीय एवं युवा पार्टी कार्यकर्ता अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ को भाजपा प्रत्याशी के रूप में मनोनीत होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने आगे कहा कि बांकीपुर की दिव्य जनता ने मुझे उनकी सेवा करने का अवसर दिया है। निश्चित रूप से मेरे बांकीपुर परिवार के लोग भी अभिषेक कुमार को इस बार भी सेवा का अवसर देकर अपना आशीर्वाद देंगे।

आरजेडी ने रेखा गुप्ता को बनाया उम्मीदवार

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सोमवार को बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। आरजेडी ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। खास बात यह है कि RJD ने पिछले विधानसभा चुनाव में भी बांकीपुर सीट से रेखा गुप्ता को ही टिकट दिया है। अब ऐसा बार फिर से उन पर भरोसा जताकर बड़ा दांव खेला है।

जनसुराज ने प्रशांत किशोर को बनाया उम्मीदवार

वहीं जनसुराज पार्टी ने भी बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। जनसुराज ने पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को मैदान में उतारा है। पिछले चुनाव में जनसुराज का खाता भी नहीं खुला था। प्रशांत किशोर चाहेंगे की वह बांकीपुर उपचुनाव जीतकर पार्टी का खाता खोलें।

30 जुलाई को होगा मतदान

बता दें कि बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई 2026 को मतदान होना है, जबकि 3 अगस्त 2026 को मतगणना होगी। अब सभी प्रमुख दलों की नजर इस दिलचस्प मुकाबले पर टिकी हुई है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews