Hindi News

विधानसभा में CM नीतीश कुमार ने RJD विधायक भाई वीरेंद्र के कपड़ों पर किया मजाक, ठहाकों में दब गया आर्सेनिक पानी का गंभीर मुद्दा

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
बिहार विधानसभा में गुरुवार को उस वक्त माहौल हल्का-फुल्का हो गया जब सीएम नीतीश कुमार ने राजद विधायक भाई वीरेंद्र के कपड़ों पर टिप्पणी कर दी। इस मजाकिया नोकझोंक के बीच, विधायक द्वारा उठाया जा रहा आर्सेनिक युक्त पानी का एक गंभीर मुद्दा पूरी तरह से दब गया और बहस आगे नहीं बढ़ सकी।
विधानसभा में CM नीतीश कुमार ने RJD विधायक भाई वीरेंद्र के कपड़ों पर किया मजाक, ठहाकों में दब गया आर्सेनिक पानी का गंभीर मुद्दा

पटना: बिहार विधानसभा के सत्र के दौरान गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक भाई वीरेंद्र के बीच हुई एक मजाकिया बातचीत ने सदन का माहौल तो खुशनुमा कर दिया, लेकिन इस हंसी-मजाक की भेंट एक बेहद गंभीर मुद्दा चढ़ गया। विधायक भाई वीरेंद्र अपने क्षेत्र में आर्सेनिक युक्त पानी की समस्या पर सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी बात ठहाकों के शोर में दबकर रह गई।

कपड़ों पर टिप्पणी से शुरू हुई नोकझोंक

यह सब तब शुरू हुआ जब पटना के मनेर से विधायक भाई वीरेंद्र आर्सेनिक पानी के मुद्दे पर अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान सीएम नीतीश कुमार ने उनके कपड़ों को लेकर टिप्पणी कर दी। उन्होंने पूछा, “इतना कपड़ा क्यों पहना है?” इस पर भाई वीरेंद्र ने भी चुटीले अंदाज में जवाब दिया।

“आप ही न दिए हैं भूल जाते हैं..? इसीलिए न कहता हूं समय पर दवा खाइए, नहीं खाते हैं तो भूल जाते है।”- भाई वीरेंद्र, RJD विधायक

इस संवाद के बाद सदन में मौजूद अन्य सदस्य भी हंस पड़े। उपमुख्यमंत्री ने बीच-बचाव करते हुए स्थिति को स्पष्ट किया और कहा, “मुख्यमंत्री जी की चिंता है कि कपड़ा थोड़ा कम पहनिये। इतना ठंडा थोड़े ही है, जो इतना कपड़ा पहनते हैं।”

दब गया आर्सेनिक का मुद्दा

इस नोकझोंक से पहले, भाई वीरेंद्र ने सरकार के उन आंकड़ों को चुनौती दी थी, जिनमें कहा गया था कि उनके क्षेत्र में पानी में आर्सेनिक की मात्रा सामान्य है। उन्होंने कहा कि उनके इलाके में कई लोग आर्सेनिक युक्त पानी की वजह से बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे खुद उनके साथ चलकर पानी की जांच कराएं ताकि सच्चाई सामने आ सके।

लेकिन जब वह अपनी बात रख ही रहे थे, विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें रोक दिया। स्पीकर ने कहा, “माननीय सदस्य गण अगर आपकी तबीयत ठीक है तो बैठ जाइए। जनता का सरकार देख लेगी।” अध्यक्ष की इस बात पर सदन में फिर से हंसी का दौर शुरू हो गया और आर्सेनिक पानी जैसा गंभीर विषय वहीं समाप्त हो गया।

इन जिलों में है गंभीर समस्या

यह जानना महत्वपूर्ण है कि बिहार के कई जिले आर्सेनिक युक्त पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इसके कारण कैंसर और हृदय रोग जैसी जानलेवा बीमारियां हो सकती हैं। प्रभावित जिलों में बक्सर, भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार और पूर्वी/पश्चिमी चंपारण समेत कई अन्य जिले शामिल हैं।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !