
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन को मजबूती का दावा करते हुए कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने रविवार को कहा कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि महागठबंधन की सरकार बनेगी और मौजूदा सरकार को हटाया जाएगा।
पायलट ने कहा, “बिहार के लोग बदलाव चाहते हैं। पिछले 20 साल से एक ही सरकार से लोग थक चुके हैं। बिहार का युवा राहुल गांधी और तेजस्वी यादव में उम्मीद देख रहा है।” उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन की जीत तय है।
‘गुंडाराज की जिम्मेदारी किसकी‘
राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए पायलट ने गुंडाराज और दुलारचंद यादव हत्याकांड की जवाबदेही मांगी। उन्होंने पूछा, “गुंडाराज की जिम्मेदारी किसकी है? सरकार के सामने हत्या हुई, इसका जिम्मेदार कौन है?”
अमित शाह ने RJD पर साधा निशाना
इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुजफ्फरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए आरजेडी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यदि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बने तो अपहरण, उगाही और खून-खराबे के तीन नए मंत्रालय खुलेंगे। शाह ने लालू-राबड़ी राज में 1994 में गोपालगंज के डीएम जी कृष्णैया की हत्या का जिक्र कर ‘जंगलराज’ की याद दिलाई।
