
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बिहार दौरे पर हैं और आज यानी 18 सितंबर को रोहतास और बेगूसराय का दौरा करेंगे। पटना में मौर्या होटल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनकी मुलाकात हुई। सूत्रों के अनुसार, लगभग 20 मिनट तक दोनों नेताओं ने एनडीए में सीट शेयरिंग और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में पार्टी के प्रमुख सांसद, विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे। यह बैठक चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने और पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के उद्देश्य से की गई, जिसे राजनीतिक गलियारों में बेहद अहम माना जा रहा है।
रोहतास और बेगूसराय दौरे में चुनावी रणनीति
अमित शाह ने रोहतास और बेगूसराय में 20 जिलों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इन जिलों में रोहतास, कैमूर, आरा, बक्सर, गया, नवादा, जहानाबाद, अरवल और औरंगाबाद शामिल थे। बैठक में सांसद, विधायक और विधान पार्षदों ने भाग लिया। शाह ने बूथ स्तर पर पार्टी की उपस्थिति मजबूत करने और एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तैयार की। बेगूसराय में पटना ग्रामीण, पटना महानगर, बाढ़, नालंदा, शेखपुरा, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, खगड़िया और बेगूसराय के प्रतिनिधियों से चुनावी दिशा-निर्देश साझा किए गए।
राहुल गांधी का हमला और चुनाव आयोग पर आरोप
दूसरी ओर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वोटरों के नाम डिलीट किए जा रहे हैं और यह सॉफ्टवेयर के जरिए हो रहा है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार और कर्नाटक सीआईडी की भूमिका का हवाला देते हुए कहा कि वोट चोरी की जांच की जा रही है, लेकिन चुनाव आयोग कोई जवाब नहीं दे रहा। राहुल ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे देश में यह माना जाएगा कि वोट चोरी करने वालों की रक्षा की जा रही है।
तेजस्वी यादव ने जताई बिहार में बदलाव की उम्मीद
इस बीच RJD नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर लिखा, “बदलाव के लिए बिहार एकदम एकजुट हो चुका है।” उनकी यात्रा 16 सितंबर को जहानाबाद से शुरू हुई थी और 20 सितंबर को वैशाली में समाप्त होगी। इस दौरान तेजस्वी नालंदा, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल और समस्तीपुर से होकर गुजरेंगे। यात्रा के दौरान बेरोजगारी, पलायन, अपराध और किसानों के मुद्दों को उठाया जाएगा। राजनीतिक विशेषज्ञ इसे वोटर अधिकार यात्रा की प्रतिस्पर्धा और समर्थन जुटाने की रणनीति मान रहे हैं।
