
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए महागठबंधन की ओर से गुरुवार (23 अक्टूबर, 2025) को मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा कर दी गई है। महागठबंधन ने आगामी चुनाव में तेजस्वी यादव को सीएम फेस के रूप में पेश करने का ऐलान किया है। इस फैसले के बाद अब सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इस पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “जगज़ाहिर है कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के घोटाला और जंगलराज के प्रतीक हैं तेजस्वी यादव। यह तिकड़ी घोटालों के मामले में बेल पर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार नौकरी के बदले अपने नाम जमीन का बैनामा नहीं कराती।”
तेजस्वी को सीएम फेस बनाने पर मौर्य का तंज
महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने के बाद उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के शासन को लोग ‘जंगलराज’ के नाम से जानते हैं और तेजस्वी उसी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। मौर्य ने कहा, “तेजस्वी यादव घोटाले और भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं। ये तिकड़ी आज बेल पर चल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार तो ऐसी है, जो नौकरी के बदले किसी से जमीन का बैनामा नहीं कराती।”
गांधी-यादव परिवारों में है घोटालों की समानता
केशव प्रसाद मौर्य ने आगे कहा कि यादव परिवार इस वक्त गांधी परिवार की पीठ पर सवार है। उन्होंने दोनों परिवारों को वंशवादी बताते हुए कहा, “सोनिया गांधी और राबड़ी देवी, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव—सभी बेल पर हैं। घोटालों और भ्रष्टाचार में दोनों परिवारों में काफी समानता है।” मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि जनता अब इनका असली चेहरा पहचान चुकी है और इनके ढोंग से भ्रमित नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता सुशासन चाहती है, न कि परिवारवाद की राजनीति।
मौर्य ने अपने बयान में कहा कि महागठबंधन अब पूरी तरह “महाठगबंधन” में तब्दील हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, बस जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। मौर्य ने कहा, “जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर पूरा भरोसा है।” उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार बिहार की जनता विकास और स्थिरता के लिए एनडीए को ही चुनेगी।
तेज प्रताप यादव की प्रतिक्रिया भी आई सामने
तेजस्वी यादव को सीएम फेस बनाए जाने पर उनके बड़े भाई और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने भी बयान दिया। तेज प्रताप ने कहा, “वो तो बिहार की जनता तय करेगी, नेता लोग क्या तय करेगा ये सब?” उनके इस बयान से राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि क्या यादव परिवार के भीतर मतभेद की झलक दिख रही है या यह सिर्फ एक राजनीतिक बयान है। फिलहाल, बिहार की सियासत में तेजस्वी के नाम पर खूब गरमाहट है।
