बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान दो दिन बाद 6 नवम्बर को होगा, 18 जिलों की 121 सीटों पर होने वाले मतदान के लिए आज शाम 5 बजे चुनाव का शोर थम जायेगा, पहले चरण में शामिल सीटों पर मतदान के लिए वोट अपील करने गृह मंत्री अमित शाह आज फिर बिहार पहुंचे, उन्होंने मतदाताओं से कहा लालू यादव का वही जंगलराज, कपड़े-चेहरे और भेष बदलकर फिर से आने वाला है। अगर 6 तारीख को गलती हुई, तो फिर अपहरण, फिरौती और जंगलराज लौट आएगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने आज बिहार के दरभंगा में आमसभा को संबोधित किया, उन्होंने आरजेडी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा, अमित शाह ने कहा दरभंगा में आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है।आप सभी लोग 6 तारीख को कमल का बटन दबाकर हमारे तीनों प्रत्याशियों को जिताएंगे। आपको कमल का बटन जंगलराज को रोकने के लिए दबाना है।
जंगलराज चेहरा,भेष बदलकर वापस आना चाहता है
उन्होंने कहा बिहार ने 15 साल तक लालू-राबड़ी का जंगलराज देखा है। आप वो फिर से लाना चाहते हैं क्या? ये जंगलराज चेहरा और भेष बदलकर चुपके से वापस आना चाहता है। हमारा काम है, कमल का बटन दबाकर, जंगलराज को रोककर, दरभंगा को विकसित जिला बनाने का।
लालू यादव और राहुल गांधी से किये सवाल
अमित शाह ने कहा मैं लालू यादव और राहुल से पूछना चाहता हूं कि 10 साल तक केंद्र में UPA सरकार थी और यहां पर 15 साल तक लालू-राबड़ी मुख्यमंत्री रहे। लेकिन, दरभंगा के विकास के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया। मोदी जी की सरकार बनी और दरभंगा में AIIMS बनाने का काम हमने किया। मिथिला, कोसी और पश्चिम बंगाल के आसपास के इलाके के लोगों को अब पटना और दिल्ली जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। किसी भी बड़ी से बड़ी बीमारी का इलाज दरभंगा AIIMS में हो जाएगा।
डबल इंजन सरकार के विकास कार्य गिनाये
बिहार के 3.60 करोड़ लोगों के लिए 5 लाख रुपये तक का इलाज मोदी ने मुफ्त कर दिया है। हल ही मोदी जी ने दरभंगा में बिहार के दूसरे IT Park का लोकार्पण किया है। ये IT Park हमारे बिहार के युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का काम करेगा। इससे पूरे मिथिला क्षेत्र में संभावनाओं के अंबार लगने वाले हैं।
तीन पीढ़ी भी जीविका दीदी से 10 हजार रुपये वापस नहीं ले सकते
अमित शाह ने कहा अभी-अभी प्रधानमंत्री मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने 1.41 करोड़ जीविका दीदी के बैंक खातों में 10 हजार रुपये डालने का काम किया है। ये लालू की पार्टी कहती है कि जीविका दीदियों से ये 10 हजार रुपये वापस ले लो। मैं आज सारे बिहार की जीविका दीदी से कहकर जाता हूं कि लालू और उसके बेटे को छोड़िए, इनकी तीन पीढ़ी भी आ जाए, वो जीविका दीदी से 10 हजार रुपये वापस नहीं ले सकते। आप एक बार फिर NDA सरकार बनाइए, हम 5 साल में जीविका दीदी के बैंक खाते में 2 लाख रुपये और डालने का काम करेंगे।
लालू यादव पर घोटालों को लेकर कसा तंज
लालू जी ने भी काफी कुछ किया है। चारा घोटाला किया, लैंड फॉर जॉब स्कैम किया, होटल बेचने का घोटाला, अलकतरा घोटाला किया, बाढ़ राहत घोटाला किया, भर्ती घोटाला किया और AB एक्सपोर्ट का घोटाला किया। लालू-राबड़ी ने इतने घोटाले किए और कांग्रेस ने 12 लाख करोड़ के घपले-घोटाले किये हैं। ये बिहार का भला कर सकते हैं क्या? मोदी जी ने 11 साल शासन किया और नीतीश बाबू ने 20 साल शासन किया। नीतीश बाबू और मोदी जी पर 4 आने का भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है।
इन 18 जिलों में होगा मतदान
पहले चरण में 6 नवंबर को पटना, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा और नालंदा जिले की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इन सभी 121 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार आज शाम थम जायेगा। चुनाव आयोग की तैयारियां अंतिम चरणों में हैं , सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप से रहे हैं, मतदान दलों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं, पुलिस प्रशासन भी शांतिपूर्ण मतदान के लिए मुस्तैद है।






