‘गांधी’ की मूर्ति के साथ किसने की ये ‘घिनौनी’ हरकत? गले में BJP का पट्टा, RJD ने गंगाजल से धोया

‘गांधी’ की मूर्ति के साथ किसने की ये ‘घिनौनी’ हरकत? गले में BJP का पट्टा, RJD ने गंगाजल से धोया

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर से एक तस्वीर सामने आई है, जिसने प्रदेश की राजनीति में हंगामा खड़ा कर दिया। मीनापुर हाई स्कूल के मुख्य द्वार पर लगी महात्मा गांधी की मूर्ति को बीजेपी की टोपी पहना दी गई। गले में बीजेपी का पट्टा लटका दिया गया और हाथ में बीजेपी का झंडा पकड़ाया गया। इस घटना ने विपक्ष को बैठे-बिठाए मुद्दा दे दिया। आरजेडी ने इसे महात्मा गांधी का अपमान बताया और मूर्ति को गंगाजल से धोकर पवित्र किया। विपक्ष ने बीजेपी पर राष्ट्रपिता का अपमान करने का आरोप लगाया।

एनडीए सम्मेलन के दौरान हुई घटना

यह घटना शनिवार (13 सितंबर, 2025) को हुई बताई जा रही है। उस दिन मीनापुर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ था। आरोप है कि सम्मेलन में शामिल बीजेपी कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर टोपी, पट्टा और झंडा चढ़ाकर अपमान किया। कार्यक्रम के बाद यह तस्वीर सामने आई तो सोशल मीडिया और राजनीति में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा की। विपक्ष ने इसे देश की पहचान पर हमला करार दिया। भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

आरजेडी विधायक ने बीजेपी को घेरा

इस मामले पर आरजेडी विधायक मुन्ना यादव ने बीजेपी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, “बीजेपी एक ऐसी पार्टी है जो देश को बांटने का काम कर रही है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान करके बीजेपी ने अपनी असली सूरत दिखा दी है। उनके सिर पर टोपी, गले में पट्टा और हाथ में झंडा देखकर हम शर्मसार हैं। मीनापुर शहीदों और क्रांतिकारियों की धरती है। इस घटना से पूरा समाज आहत है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। चुनाव में जनता बीजेपी को जवाब देगी।”

मूर्ति को गंगाजल से धोकर पवित्र किया गया

आरजेडी विधायक मुन्ना यादव ने कहा कि मीनापुर की धरती शहीदों की है, इसलिए यहां की जनता इस अपमान को सहन नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने मूर्ति को गंगाजल से धोकर इसे फिर से पवित्र किया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि यह केवल मूर्ति का अपमान नहीं, बल्कि पूरे देश की संस्कृति पर हमला है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता आने वाले चुनाव में ऐसी हरकतों का जवाब देगी और लोकतंत्र की रक्षा करेगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews