Hindi News

बिहार: पुनौरा धाम मंदिर के भूमिपूजन पर बोले गिरिराज सिंह, ‘कांग्रेस के मुंह पर बड़ा तमाचा’

Written by:Deepak Kumar
Published:
बिहार: पुनौरा धाम मंदिर के भूमिपूजन पर बोले गिरिराज सिंह, ‘कांग्रेस के मुंह पर बड़ा तमाचा’

बिहार के सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम में शुक्रवार (08 अगस्त, 2025) को मां जानकी की जन्मस्थली पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन होगा। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद रहेंगे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर कहा कि पिछले साल अमित शाह ने घोषणा की थी कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है, अब पुनौरा धाम में मां सीता का भव्य मंदिर बनाया जाएगा।

गिरिराज सिंह ने कहा कि यह फैसला उन लोगों के मुंह पर करारा जवाब है, जो प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे। उन्होंने इस मंदिर निर्माण को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह बिहार की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को और मजबूत करेगा।

डबल इंजन की सरकार में विकास का परचम

गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार लगातार विकास के काम कर रही है। उन्होंने इंडिया गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके पास नीतीश कुमार सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं है।
उन्होंने लालू यादव के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उस समय विकास की बजाय विनाश की राजनीति हुई थी। लेकिन आज की सरकार ने हर क्षेत्र में प्रगति का रास्ता खोला है।

एसआईआर विवाद पर विपक्ष को चुनौती

एसआईआर (विशेष मतदाता पुनरीक्षण) मुद्दे पर गिरिराज सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग बार-बार कह रहा है कि जिनका नाम मतदाता सूची से कटा है, वे अपना नाम जुड़वा लें। इसके बावजूद किसी भी राजनीतिक दल ने औपचारिक शिकायत नहीं की है। उन्होंने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें दो ईपिक कार्ड के मामले पर जवाब देना चाहिए। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष चाहता है कि फर्जी वोटिंग जारी रहे, लेकिन सरकार इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।

राहुल गांधी को ‘झूठ का पुलिंदा’ कहा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एसआईआर पर दिए बयान पर गिरिराज सिंह ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बेबुनियाद बातें कर रहे हैं और उनके आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। गिरिराज सिंह ने बताया कि कर्नाटक चुनाव आयोग ने भी राहुल गांधी से सबूत मांगा है, लेकिन वे ठोस प्रमाण देने के बजाय भाषणों में आरोप लगाते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी के पास सच में सबूत हैं, तो उन्हें चुनाव आयोग के सामने पेश करना चाहिए, न कि केवल राजनीतिक बयानबाजी करनी चाहिए।