बिहार की राजनीति में झटका: कृष्णा अल्लावरु ने तेजस्वी यादव को किया पीछे, CM का फैसला अब कैसे होगा?

बिहार की राजनीति में झटका: कृष्णा अल्लावरु ने तेजस्वी यादव को किया पीछे, CM का फैसला अब कैसे होगा?

बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री फेस माना जा रहा है। लेकिन बुधवार, 13 अगस्त 2025 को कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने एक बार फिर चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनाने का अधिकार बिहार की जनता और विधानसभा के एमएलए को है। अल्लावरु ने कहा कि जो भी एमएलए चाहेंगे, वही मुख्यमंत्री बनेगा। उनका यह बयान सीधे तौर पर तेजस्वी यादव के लिए झटका देने वाला माना जा रहा है।

जनता से पूछिए, सीएम कौन होगा

सासाराम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब कृष्णा अल्लावरु से पूछा गया कि मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा, तो उन्होंने दोबारा जवाब दिया कि इसे जनता से पूछिए। हालांकि आरजेडी और महागठबंधन के नेताओं का साफ कहना है कि अगर गठबंधन की सरकार बनी, तो तेजस्वी यादव ही सीएम बनेंगे। चुनाव में अभी कुछ महीने बाकी हैं, लेकिन कांग्रेस के इस बयान ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और इंडिया गठबंधन के अन्य नेता बिहार में 17 अगस्त से ‘वोटर अधिकार यात्रा’ शुरू करने जा रहे हैं। यह यात्रा अलग-अलग 21 जिलों में आयोजित की जाएगी। यात्रा की शुरुआत सासाराम से होगी। इसके लिए बुधवार को जिला मुख्यालय के एक निजी भवन में बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने की। बैठक में प्रदेश और पड़ोसी राज्यों के शीर्ष नेता शामिल हुए।

संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति

बैठक में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की मजबूती और राहुल गांधी की चुनावी यात्रा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कृष्णा अल्लावरु ने कहा कि राहुल गांधी देश में वोट को मजबूत करने के लिए निकले हैं। वे बिहार आकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे और बताएंगे कि संविधान और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान कितना जरूरी है। उनका उद्देश्य यह भी है कि मतदाता अपने अधिकारों को समझें और सही फैसले के माध्यम से राज्य और देश के भविष्य को सुरक्षित करें।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews