Hindi News

अब बिना सिक्योरिटी के रहेंगे लालू यादव और राबड़ी देवी, सारी सुरक्षा की वापस

Written by:Ankita Chourdia
Published:
बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपनी सुरक्षा वापस करने का फैसला किया है। सरकार ने उनकी जेड-प्लस सुरक्षा हटा दी है, जिससे सियासत में गहमागहमी बढ़ गई है।

बिहार की राजनीति में इन दिनों बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। दरअसल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपनी सुरक्षा में तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस करने का फैसला लिया है। इस फैसले के बाद दोनों नेता बिना सरकारी सुरक्षा के रहेंगे। उनके इस कदम के बाद बिहार की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

वहीं यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है जब बिहार की राजनीति में लगातार नए समीकरण बन रहे हैं और राजनीतिक माहौल काफी गर्म है। ऐसे में लालू परिवार का यह कदम कई तरह के राजनीतिक संकेत भी दे रहा है।

सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया गया

जानकारी के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपनी सुरक्षा में तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया है। वहीं राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी अपनी सुरक्षा हटाने का फैसला किया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम लालू परिवार की नई राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हो सकता है। दोनों नेताओं द्वारा सुरक्षा लौटाने का फैसला अब लोगों और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

बिहार सरकार ने लिया था बड़ा फैसला

इसी बीच बिहार सरकार ने भी इस मामले में आधिकारिक आदेश जारी किया है। राज्य के गृह विभाग की ओर से गुरुवार 5 जून को जारी आदेश में कहा गया है कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को दी गई ‘जेड प्लस’ सुरक्षा खत्म कर दी गई है। गृह विभाग के आदेश के मुताबिक अब दोनों नेताओं की जेड प्लस सुरक्षा लागू नहीं रहेगी। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में भी कटौती की गई थी

दरअसल सरकार का यह फैसला 4 जून को हुई राज्य सुरक्षा समिति की बैठक की सिफारिश के आधार पर लिया गया है। इस बैठक में कई नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया। सिर्फ लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ही नहीं, बल्कि उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा भी वापस ले ली गई है। अब तेज प्रताप यादव को पूर्व विधायक होने के नाते केवल एक अंगरक्षक ही मिलेगा। यह फैसला भी सुरक्षा समिति की सिफारिशों के बाद लिया गया है।

हालांकि लालू परिवार के सभी सदस्यों की सुरक्षा में बदलाव नहीं किया गया है। नए आदेश के अनुसार लालू यादव की बड़ी बेटी और सांसद मीसा भारती की सुरक्षा पहले की तरह जारी रहेगी। सांसद होने के कारण उन्हें तीन अंगरक्षक मिलते रहेंगे। वहीं तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव को भी पहले की तरह एक महिला अंगरक्षक की सुरक्षा मिलती रहेगी।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews