VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने की मिडिल ईस्ट संकट पर PM मोदी के संबोधन की आलोचना, बोले- गलत विदेश नीति से देश को आर्थिक नुकसान हो रहा

विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद संबोधन पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे 'देर से उठाया गया अच्छा कदम' बताया। उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति को देश में बढ़ती महंगाई और आर्थिक संकट के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
Mukesh Sahni

पटना: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद में दिए गए संबोधन को लेकर विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। सहनी ने सरकार के इस कदम को अच्छा तो बताया, लेकिन साथ ही इसे काफी देर से उठाया गया कदम करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत विदेश नीति के कारण आज देश को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

सोमवार, 23 मार्च 2026 को मीडिया से बातचीत करते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय तनाव का सीधा असर भारत पर पड़ रहा है, जिससे आम जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से देश आज इस विकट स्थिति में फंसा हुआ है।

‘गलत विदेश नीति और महंगाई की मार’

सहनी ने ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, “सरकार ने एलपीजी और पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए हैं, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। सरकार की गलत विदेश नीति के कारण देश को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।” उन्होंने चेताया कि इस संकट का प्रभाव केवल तेल और गैस तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह खाद, खाद्य पदार्थों और दवाओं की आपूर्ति श्रृंखला को भी बुरी तरह प्रभावित कर रहा है।

“किसी भी हालत में युद्ध रुकना चाहिए। आज जब स्थिति गंभीर हुई है और बीजेपी के नेताओं को चुनाव की व्यस्तता से फुर्सत मिली है, तो उन्हें देश की जनता नजर आ रही है।”- मुकेश सहनी, संस्थापक, VIP

रसोई गैस की किल्लत पर उठाए सवाल

वीआईपी प्रमुख ने देश में रसोई गैस की किल्लत का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया। उन्होंने दावा किया कि गैस की कमी के कारण लोग अब दोबारा लकड़ी और गोइठा (उपले) पर खाना पकाने को मजबूर हो रहे हैं। सहनी ने कहा, “इस महंगाई का असर आम जनता पर भारी बोझ डालेगा। बीजेपी विपक्ष को समझती ही नहीं है। आज देश को खतरे में डाल दिया गया है।” उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब विपक्ष इन मुद्दों को उठा रहा था, तब सरकार ने ध्यान नहीं दिया।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews