
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए ने शुक्रवार को पटना में अपना संकल्प पत्र जारी किया। इसमें किसानों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए ‘कर्पूरी ठाकुर सम्मान निधि’ की शुरुआत की घोषणा की गई है। इसके तहत राज्य सरकार की ओर से किसानों को हर साल 3,000 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।
वर्तमान में केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को सालाना 6,000 रुपये मिलते हैं। एनडीए के संकल्प पत्र के अनुसार, राज्य की यह अतिरिक्त 3,000 रुपये की सहायता जोड़कर किसानों को कुल 9,000 रुपये प्रति वर्ष प्राप्त होंगे।
किसानों को क्या मिलेगा
किसानों के हित में अन्य घोषणाओं में सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी और कृषि अवसंरचना में 9 लाख करोड़ रुपये के निवेश का वादा शामिल है। साथ ही मत्स्य पालन करने वालों की सहायता राशि 4,500 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये सालाना की जाएगी।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए एनडीए ने 1 करोड़ से अधिक सरकारी नौकरियां, हर जिले में मेगा स्किल सेंटर, 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने और ‘मिशन करोड़पति’ शुरू करने की भी घोषणा की है।
