बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एनडीए ने अपने कार्यकर्ताओं को जुटाने और चुनावी तैयारियों को तेज करने के लिए विधानसभा वार कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया है। यह सम्मेलन 23 अगस्त से 23 सितंबर तक सात चरणों में आयोजित होगा और सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में संयुक्त रूप से होगा। एक दिन में अलग-अलग प्रमंडलों में 14 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
दिग्गज नेताओं की जिम्मेदारी
इस महासम्मेलन में कई दिग्गज नेता टीम लीडर के रूप में शामिल होंगे। बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, बिहार जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, जदयू कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, जेडीयू कोटे के मंत्री विजय चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह समेत कई नेता टीम लीडर बनकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि 2025 में 225 सीट जीतने का लक्ष्य तय किया गया है और इस सम्मेलन के माध्यम से इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरा जोर लगाया जाएगा।
ये भी पढ़ें
एनडीए की एकता और तालमेल
बिहार एलजेपीआर अध्यक्ष राजू तिवारी ने बताया कि एनडीए के नेता लगातार एकता बढ़ाने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि विधानसभा वार सम्मेलन में इसकी झलक स्पष्ट रूप से दिखाई देगी और जनता के बीच एनडीए की मजबूत एकता का संदेश जाएगा। राजू तिवारी ने कहा, “हर विधानसभा में एनडीए के विकास कार्यों को जनता के सामने रखा जाएगा ताकि यह स्पष्ट हो कि एनडीए की सरकार सिर्फ काम नहीं करती, बल्कि उसे घर-घर पहुंचाती है।”
विकास और चुनावी रणनीति
एनडीए के नेता का कहना है कि इस बार की लहर 2010 की लहर से भी बड़ी है। एनडीए इस सम्मेलन के जरिए 225 सीटों के लक्ष्य को पार करने का प्रयास करेगा। विधानसभावार कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने से चुनाव में निश्चित लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। जिलावार सम्मेलन पहले ही कर लिए गए हैं और अब विधानसभा वार सम्मेलन से कार्यकर्ताओं को प्रेरित करके चुनावी रणनीति को और मजबूत किया जाएगा।