
देश भर में शनिवार (09 अगस्त 2025) को रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा. भाई-बहनों के रिश्ते के इस खास मौके पर बिहार सरकार ने माताओं और बहनों को बड़ी सौगात दी है. राज्य में महिलाएं एवं छात्राएं बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSPTCL) की सभी बसों में 9 और 10 अगस्त को निशुल्क यात्रा कर सकेंगी. यह सुविधा शनिवार सुबह 6 बजे से शुरू होकर रविवार देर शाम तक जारी रहेगी. इस दौरान महिलाएं बिना टिकट निगम की पिंक, साधारण और डीलक्स बसों में सफर कर सकेंगी.
पूरे राज्य में लागू होगी सुविधा
इस योजना के तहत सभी आयुवर्ग की महिलाएं, चाहे वे छात्राएं हों या कामकाजी, मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगी. निगम की पिंक बसों के अलावा साधारण और डीलक्स बसों का संचालन पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया सहित छह क्षेत्रीय कार्यालयों से विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा. खास बात यह है कि इस पहल से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाएं लाभान्वित होंगी, जिससे वे आसानी से अपने मायके या रिश्तेदारों के घर रक्षाबंधन मनाने पहुंच सकेंगी.
कई वर्षों से जारी है यह परंपरा
बिहार सरकार की यह पहल कोई नई नहीं है. पिछले कई वर्षों से रक्षाबंधन के मौके पर दो दिनों के लिए माताओं और बहनों के लिए सरकारी बस सेवा मुफ्त की जाती रही है. इससे न केवल महिलाओं को आर्थिक राहत मिलती है, बल्कि त्योहार के मौके पर यात्रा में भी आसानी होती है. निगम की ओर से पहले भी त्योहारों पर विशेष सेवाएं और रियायतें दी जाती रही हैं, जिससे यात्री बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें.
महिलाओं के लिए बढ़ते परिवहन सुविधाएं
गौरतलब है कि निगम की बसों में पहले से ही 65% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं. हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘पिंक बस’ सेवा की शुरुआत की है, जिसमें केवल महिलाएं यात्रा कर सकती हैं. फिलहाल यह सेवा कुछ जिलों में चल रही है, लेकिन जल्द ही इसे पूरे राज्य में शुरू करने की योजना है. इस तरह की पहल न सिर्फ महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखती है, बल्कि उनके आत्मनिर्भर और स्वतंत्र रूप से यात्रा करने के अधिकार को भी सशक्त करती है.
