
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 22 अगस्त को बोधगया के मगध विश्वविद्यालय परिसर में जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। करीब 40 एकड़ भूमि पर विशाल पंडाल तैयार किया गया है, जहां चार से पांच लाख लोगों के जुटने की संभावना है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और सेना के हेलीकॉप्टर से मॉक ड्रिल तक की गई है।
सीएम नीतीश और कई मंत्री होंगे शामिल
इस जनसभा में प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और कई केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे। प्रशासन ने सभी वीवीआईपी मेहमानों के लिए अलग से सुरक्षा इंतजाम किए हैं। डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी आनंद कुमार खुद तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
कई योजनाओं की मिलेगी सौगात
पीएम मोदी इस दौरे में गया से नई दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन और बुद्ध सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा बिहार को 12,992 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इससे प्रदेश के पर्यटन, रेल और बुनियादी ढांचे को नई दिशा मिलेगी।
ट्रैफिक प्लान में बड़ा बदलाव
डीएम ने बताया कि 22 अगस्त को सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक मालवाहक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। पटना-जहानाबाद से डोभी जीटी रोड जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। पुलिस बलों की भारी तैनाती और सीसीटीवी निगरानी से सुरक्षा को मल्टी लेयर में मजबूत किया गया है।
