Amit Shah Bihar Visit: रोहतास में राहुल गांधी पर बरसे अमित शाह, बोले- विपक्षी गठबंधन आया तो बिहार फिर पिछड़ जाएगा

Amit Shah Bihar Visit: रोहतास में राहुल गांधी पर बरसे अमित शाह, बोले- विपक्षी गठबंधन आया तो बिहार फिर पिछड़ जाएगा

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी जंग तेज हो गई है. रोहतास में आयोजित बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्षी गठबंधन और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. शाह ने कहा कि अगर विपक्ष सत्ता में आया तो बिहार “घुसपैठियों से भर जाएगा” और राज्य पिछड़ जाएगा.

पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधी अपील

अमित शाह ने बिहार चुनाव से पहले बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन “वोट चोरी” के झूठे विमर्श फैला रहा है. उन्होंने राहुल गांधी की “वोटर अधिकार यात्रा” पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका मकसद बांग्लादेश से आए घुसपैठियों की रक्षा करना है. शाह ने कहा कि कार्यकर्ताओं को हर घर तक जाना होगा और जनता को बताना होगा कि अगर विपक्ष सत्ता में आया तो हर जिला घुसपैठियों से भर जाएगा.

‘वोट चोरी’ और पुराने आरोपों पर बयान

शाह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के “वोट चोरी” वाले आरोप को झूठ करार दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी ऐसी रणनीति अपनाती रही है. कांग्रेस ने पहले आरक्षण खत्म करने की अफवाह फैलाई थी, जबकि हकीकत में ऐसा कभी नहीं हुआ. शाह ने कहा कि एनडीए जितना मजबूत होगा, बिहार उतना ही समृद्ध होगा. उन्होंने साफ कहा कि विपक्ष के पास केवल भ्रम फैलाने की राजनीति है.

लालू-तेजस्वी पर हमला और जनता से अपील

अमित शाह ने अपने संबोधन में लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि इन नेताओं के शासनकाल में बिहार में केवल अपराध, फिरौती और हत्या बढ़ी. शाह ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता ही चुनाव जितवाते हैं, नेता नहीं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस क्षेत्र की 80 प्रतिशत सीटों पर एनडीए को जीत दिलाएं. साथ ही पूछा कि क्या घुसपैठियों को वोट, राशन या आयुष्मान कार्ड मिलना चाहिए? शाह ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार ने विकास के कई काम किए हैं और कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है कि यह संदेश हर घर तक पहुंचे.

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews