दरभंगा में सांसद बिटिया के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध, गुस्साए मंत्री ने मंच से ही दे डाला कड़ा फरमान

दरभंगा में सांसद बिटिया के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध, गुस्साए मंत्री ने मंच से ही दे डाला कड़ा फरमान

दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान प्रखंड के हाईस्कूल सत्तीघाट में शुक्रवार को आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों का गुस्सा सड़क की खराब स्थिति पर उभर आया। जैसे ही सांसद शांभवी चौधरी मंच पर संबोधन देने पहुंचीं, लोगों ने हाथों में तख्तियां उठाकर विरोध जताना शुरू कर दिया। तख्तियों पर लिखा था – “शांभवी वापस जाओ” और “रोड नहीं तो वोट नहीं।”


मंत्री ने भरे मंच से दिया कड़ा निर्देश

विरोध बढ़ता देख मंत्री डॉ. अशोक कुमार चौधरी मंच से ही भड़क उठे। उन्होंने एसडीपीओ को निर्देश दिया कि प्रदर्शनकारियों की फोटो खींची जाए और उन पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया जाए। गुस्से में उन्होंने यह भी कह डाला – “मुझे आपका वोट नहीं चाहिए।” इस बयान ने माहौल को और ज्यादा गरमा दिया।


प्रशासन की कोशिशें और सड़क निर्माण का आश्वासन

प्रदर्शन के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया। प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को शांत करने की कोशिश करते रहे, लेकिन लोग सड़क निर्माण की मांग पर अड़े रहे। मंत्री डॉ. चौधरी ने बाद में कहा कि सत्तीघाट-राजघाट मार्ग का निर्माण पथ निर्माण विभाग की जिम्मेदारी है। विभागीय अड़चनों के कारण काम अटका हुआ है, लेकिन जल्द ही इसे पूरा किया जाएगा।


लोगों की पीड़ा बरकरार

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में सड़क कीचड़ और जलजमाव से भर जाती है। उन्हें चप्पल हाथ में लेकर गुजरना पड़ता है। उनका आरोप है कि चुनाव से पहले बड़े-बड़े वादे होते हैं, लेकिन चुनाव के बाद कोई सुनवाई नहीं होती।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews