
CM Mohan Yadav cornered Congress : सीएम मोहन यादव ने कहा है कि ये चुनाव नरेंद्र मोदी जी का है जो न अपने लिए न अपने परिवार के लिए लड़ रहे हैं बल्कि वे देश के 142 करोड़ लोगों के लिए खड़े हैं। ऐसा या तो कोई देवता करते हैं या वर्तमान में मोदी जी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे आज भी पूरे जोश और समर्पण के साथ जनता के सेवा में जुटे हुए हैं।
सीएम ने रामराज से की तुलना
झाबुआ में आयोजित नामांकन सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल में ये क्षेत्र हमेशा विकास से दूर रहा। लेकिन आज यहाँ हाईवे बन रहे हैं, शिक्षा रोज़गार के दरवाज़े खुले हैं और लोग प्रगति कर रहे हैं। उन्होंने कहा बीजेपी सरकार हमेशा आदिवासियों, किसानों, महिलाओं के साथ है और उनके लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएँ चलाई जा रही है। सुदूर इलाक़ों में बच्चों को शिक्षा मिल सके, महिलाओं को सशक्त किया जाए, सबके पास अपना घर हो, शौचालय हो, किसानों को बिजली पानी बीज आसानी से उपलब्ध हो, ग़रीबों को मुफ़्त राशन मिले…ये सब मोदी जी की दूरदृष्टि का ही परिणाम है। ये या तो रामराज में होता था या अब मोदीराज में हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश में मोदीजी के नाम की आंधी चल रही है और विपक्षी दल इसमें सूखे पत्ते की तरह उड़ जाएँगे।
कांग्रेस को घेरा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में कह रही है कि वो आर्थिक सर्वेक्षण कराएँगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि संपत्ति पर सबसे पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है और आपकी संपत्ति लेकर उन्हें देने की साज़िश की जा रही है। सैम पित्रोदा के विरासत कर पर दिए गए बयान को लेकर सीएम ने कहा कि कांग्रेस का इरादा आपकी संपत्ति को लूटने का है। अगर वो सत्ता में आती है तो ऐसा क़ानून बनाएगी जिसमें जनता की संपत्ति का बड़ा हिस्सा सरकार द्वारा ले लिया जाएगा। इसीलिए हमें झूठे वादे करने वाली कांग्रेस से दूर रहना है और एक बार फिर मोदीजी को अपना समर्थन देना है। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर संकल्प लेना है कि एक बार फिर कमल खिलाएँगे और अपने क्षेत्र और प्रदेश को विकास की राह पर आगे बढ़ाएँगे।
[dgv_vimeo_video id=”939070579″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

