अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा ‘वन नेशन वन लीडर का खतरनाक मिशन, बीजेपी जीती तो अमित शाह होंगे अगले प्रधानमंत्री’

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो वो दो महीने के अंदर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को पद से हटा देगी और विपक्ष के नेताओं को साज़िश के तहत जेल में डाल देगी। उन्होंने कहा कि जो भी बीजेपी को वोट देने जाएँ वो ये सोचकर जाएँ कि वोट मोदी को नहीं अमित शाह को पीएम बनाने के लिए दे रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि उन्हें तानाशाही के ख़िलाफ़ संघर्ष करने के लिए देश के 140 करोड़ लोगों का साथ चाहिए। बोले 'मैं जेल से सरकार चलाकर दिखा दूँगा लेकिन BJP के षड्यंत्र के आगे हार नहीं मानूँगा'।
ARVIND KEJRIWAL

Lok Sabha Election 2024 : अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि प्रधामंत्री मोदी ने उन्हें इसलिए गिरफ्तार किया है ताकि वो देश को संदेश दे सकें कि यदि वो केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकते हैं तो किसी को भी कर सकते हैं। कोई केस नहीं होगा तब भी गिरफ्तार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने बहुत ख़तरनाक मिशन चालू किया है जिसका नाम है ‘वन नेशन वन लीडर’। इसी के साथ उन्होंने सवाल किया कि अगले साल जब मोदीजी 75 साल के हो जाएँगे तो देश का प्रधानमंत्री कौन होगा ? दरअसल वो इस बार अपने लिए नहीं, अमित शाह के लिए वोट माँग रहे हैं।

‘विपक्ष के नेताओं को जेल भेजेंगे, बीजेपी के नेताओं को निपटा देंगे’

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पीएम मोदी ‘वन नेशन वन लीडर’ मिशन के तहत देश के सारे नेताओं को खत्म करना चाहते हैं। वो इसे दो स्तर पर चला रहे हैं। जितने विपक्ष के नेता हैं उन्हें जेल भेजेंगे और जितने बीजेपी के नेता हैं, उनको निपटा देंगे..उनकी राजनीति ख़त्म करते जाएंगे। दिल्ली के सीएम ने जेल से ज़मानत पर बाहर निकलने के बाद शनिवार को एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ‘विपक्ष से उन्होंने जानें कितने नेताओं मंत्रियों को जेल भेज दिया। अगर ये चुनाव जीत गए तो थोड़े दिनों में ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, स्टालिन, उद्धव ठाकरे सहित सारे विपक्ष के नेता जेल में होंगे। अगर ये चुनाव जीत गए तो जैसे आडवाणी जी, मुरली मनोहर जोशी, सुमित्रा महाजन, शिवराज सिंह चौहान की राजनीति खतम कर दी…वैसे ही इनका अलगा निशाना उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ का है। अगर ये चुनाव जीत गए तो दो महीने के अंदर ये यूपी का मुख्यमंत्री बदल देंगे। यही तानाशाही है।’

बीजेपी जीती तो कौन होगा प्रधानमंत्री ?

उन्होंने कहा कि एक ही तानाशाह इस देश के अंदर बचेगा। वन नेशन वन लीडर के तहत इनकी यही साज़िश चल रही है। केजरीवाल ने इस मौक़े पर सवाल किया कि ये पूछते हैं कि इंडिया गठबंधन से प्रधानमंत्री कौन होगा। मैं इनसे पूछता हूँ कि बीजेपी की सरकार बनी तो इनका प्रधानमंत्री कौन होगा। उन्होंने कहा कि ‘ख़ुद मोदी जी ने 2014 में ये नियम बनाया था कि 75 साल की आयु होने के बाद नेता को रिटायर कर दिया जाएगा। अगले साल सितंबर में 75 साल के हो रहे हैं। ऐसा होने पर आख़िर अगला प्रधानमंत्री कौन होगा ? अगर इनकी सरकार बनी तो पहले दो महीने में ये योगी जी को हटाएँगे और फिर उनके सबसे ख़ास अमित शाह को प्रधानमंत्री बना देंगे। मैं देश के लोगों को आगाह करना चाहता हूँ कि मोदीजी अपने लिए वोट नहीं माँग रहे। वो अमित शाह को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट माँग रहे हैं। मैं पूछना चाहता हूँ कि मोदी की गारंटी पूरी कौन करेगा। क्या अमित शाह मोदी की गारंटी पूरी करेंगे। जो भी बीजेपी को वोट देने जाएँ वो सोचकर जाना कि आप मोदी को नहीं अमित शाह को वोट देने जा रहे हैं।’

आम आदमी पार्टी को ख़त्म करने की साज़िश का आरोप

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारी आम आदमी पार्टी छोटी सी पार्टी हो, दो राज्यों में है, दस साल पुरानी है। हमारी पार्टी को कुचलने में प्रधानमंत्री मोदी जी ने कोई कसर नहीं छोड़ी। हमारे चार शीर्ष नेता जेल भेज दिए। उन्होने सोचा आम आदमी पार्टी खतम हो जाएगी। लेकिन ये पार्टी नहीं सोच है..ये कभी खतम नहीं होगी। ये ‘आप’ को क्रश करना चाहते हैं। वो ख़ुद जानते हैं कि आने वाले समय में आम आदमी पार्टी देश का भविष्य है इसीलिए हमें आज ही कुचलना चाहते हैं। ये तानाशाही है। हमें हर तरह से प्रताड़ित करने की कोशिश की गई है। पीएम कहते हैं वो भ्रष्टाचार से लड़ रहे हैं लेकिन देश के सबसे बड़े चोर उचक्कों को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। मैं मोदीजी से कहना चाहता हूँ अगर भ्रष्टाचार से लड़ाई लड़नी है तो केजरीवाल से सीखो।

इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का दावा, ‘आप’ होगी सरकार का हिस्सा

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि इस बार बीजेपी की सरकार नहीं बन रही है। इस बार केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और हम उसका हिस्सा होंगे। उन्होंने कहा कि ‘बीजेपी की 220 से 230 के बीच सीटें आएँगी। मोदी सरकार नहीं बन रही है इंडिया गठबंधन की सरकार बन रही है और आम आदमी पार्टी उसका हिस्सा होगी। दिल्ली को पूर्ण राज्य दिलाएँगे। दिल्ली का एलजी लोगों का..दिल्लीवालों का एलजी होगा।’ उन्होंने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री पद का लालच नहीं है लेकिन कई लोग पूछते हैं कि जेल जाने के बाद उन्होंने इस्तीफ़ा क्यों नहीं दिया। केजरीवाल ने कहा कि पिछले बीजेपी जानती है कि अगले बीस साल तक वो हमें हरा नहीं सकते इसलिए उन्होंने एक षड्यंत्र रहा कि मुझे जेल भेज दो, मैं इस्तीफ़ा दे दूँगा तो हमारी सरकार गिर जाएगी। लेकिन मैं किसी स्थिति में इस्तीफ़ा नहीं दूँगा। उन्होंने कहा कि ”वो अगर जनतंत्र को जेल में क़ैद करेंगे तो हम जेल से जनतंत्र चलाकर दिखाएँगे। सरकार भी जेल से चलाकर दिखाएँगे। हम उनकी साज़िश में कतई नहीं फँसेंगे। अगर हमने इस्तीफ़ा दे दिया तो ये आगे भी यही करेंगे कि जिस राज्य में चुनाव हारेंगे उसके सीएम को जेल में डाल देंगे और सरकार गिरा देंगे। मैं इस तानाशाही के ख़िलाफ़ संघर्ष कर रहा हूँ इसलिए इस्तीफ़ा नहीं दे रहा हूँ।’

तानाशाही के ख़िलाफ़ संघर्ष में माँगा देश की जनता का साथ

उन्होंने कहा कि मैं देश के 140 करोड़ लोगों का साथ चाहता हूँ। मैं 140 करोड़ लोगों से भीख माँगने आया हूँ। देश को इस तानाशाही से बचा लो। मेरे अकेले करने से नहीं होगा। देश को बचाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया अदा करना चाहता हूँ। मुझे इक्कीस दिन दिए है। एक दिन में चौबीस घंटे हैं। मैं चौबीस में से छत्तीस घंटे काम करूँगा। इस तानाशाही को रोकने के लिए पूरे देश में घुमूँगा। जितनी मेरे अंदर ताक़त है वो सब लगा दूँगा। केजरीवाल ने कहा कि वो अपने खून की एक एक बूँद न्योछावर कर देंगे। इस मौक़े पर उन्होंने जनता से आम आदमी पार्टी का साथ देने की अपील की और उन सभी का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उनका साथ दिया है।

[dgv_vimeo_video id=”945221825″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews