देवास में शराब तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी की वाहन से कुचलकर मौत, जीतू पटवारी ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

एक बार फिर शराब माफिया और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए अवैध शराब के कारोबार को राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोप लगाए हैं। जीतू पटवारी ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने की मांग की है।
Jitu Patwari PC

Jitu Patwari

मध्यप्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब के कारोबार को रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की वाहन से कुचलकर मौत हो गई। घटना ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, शराब तस्करी और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना को लेकर प्रदेश की मोहन यादव सरकार पर निशाना साधते हुए अवैध शराब के कारोबार को राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोप लगाए हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि अवैध शराब का कारोबार रोकने पहुंचे एक पुलिस अधिकारी को तस्करों के वाहन ने कुचल दिया। उन्होंने प्रदेश में शराब माफिया के बढ़ते दुस्साहस और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।

क्या है मामला 

रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा की तरफ से एक वाहन में अवैध शराब ले जाई जा रही है। बताया गया कि यह वाहन इंदौर के रास्ते गुजरात की ओर जा सकता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की जांच और नाकाबंदी की थी। इस कार्रवाई में खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी भी अपनी टीम के साथ शामिल थे।

इंदौर-बैतूल हाईवे पर नेमावर रोड के पास पुलिस टीम को संदिग्ध वाहन मिला। पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर जांच करने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन चालक ने रुकने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया। इस घटनाक्रम में थाना प्रभारी दिलीप पुरी वाहन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां काफी कोशिशों के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

इस घटनी को लेकर कांग्रेस प्रदेश सरकार पर हमलावर है। जीतू पटवारी ने इसे शराब माफिया के बढ़ते दुस्साहस और कानून-व्यवस्था की विफलता बताते हुए आरोप लगाया कि अवैध शराब का कारोबार वल्लभ भवन की पांचवीं मंजिल के संरक्षण में फल-फूल रहा है। उन्होंने गृहमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब तस्कर पुलिसकर्मियों को कुचलने का दुस्साहस करने लगें, तो उन्हें किसका संरक्षण प्राप्त है। कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और गृहमंत्री से जवाबदेही तय करने, तस्करी नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews