Hindi News

मोदी जी, बताइए 5 जहाजों का सच क्या है?, ट्रंप के दावे पर राहुल गांधी का हमला

Written by:Vijay Choudhary
Published:
राहुल का सवाल अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के उस बयान पर आधारित है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पांच विमान गिराए गए, लेकिन उन्होंने स्पष्ट नहीं किया कि ये विमान किस देश के थे।
मोदी जी, बताइए 5 जहाजों का सच क्या है?, ट्रंप के दावे पर राहुल गांधी का हमला

राहुल गांधी ने उठाए सवाल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान ने भारत में फिर घमासान मचा दिया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पांच लड़ाकू विमान गिराए गए थे, ये बात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कही। इसके बाद भारत की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये विमान भारत के थे या पाकिस्तान के, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इसे मुद्दा बनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सार्वजनिक जवाब मांगा है। राहुल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि- “मोदी जी, 5 जहाजों का सच क्या है? देश को जानने का हक है!” उनका सवाल अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के उस बयान पर आधारित है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पांच विमान गिराए गए, लेकिन उन्होंने स्पष्ट नहीं किया कि ये विमान किस देश के थे।

बीजेपी का तीखा जवाब

राहुल के बयान पर बीजेपी की तरफ से इस पर तीखी प्रतिक्रिया आई है। आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा
“ट्रंप ने भारत का नाम नहीं लिया, फिर राहुल गांधी को क्यों लग रहा है कि वे भारतीय जहाज थे? क्या उन्हें पाकिस्तान के दावे पर ज़्यादा भरोसा है?
क्या वह भारत के खिलाफ खड़े हैं या पाकिस्तान के प्रवक्ता हैं?” बीजेपी का आरोप है कि जब भी भारतीय सेना कोई साहसिक कार्रवाई करती है, कांग्रेस को ‘मिर्ची’ लगती है। वहीं दूसरी ओर सरकारी स्तर पर अब तक ट्रंप के बयान को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि पहले भी जब पाकिस्तान ने लड़ाकू विमानों को गिराने का दावा किया था, तब भारत की तरफ से इसका खंडन किया गया था।

सेना ने भी दिया बयान

जनरल अनिल चौहान (सीडीएस) ने एक इंटरव्यू में साफ कहा था कि “पाकिस्तान का दावा पूरी तरह झूठा है। भारतीय वायुसेना को कोई नुकसान नहीं हुआ है।” भारत के ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक भारत ने 100 से ज्यादा आतंकवादियों को मार गिराया गया। आईसी 814 हाईजैक व पुलवामा हमले के साजिशकर्ता ढेर हुए थे। पाकिस्तान एयरफोर्स का लगभग 20% इन्फ्रास्ट्रक्चर ध्वस्त हो गया था। रहीम यार खान, सरगोधा, जैकोबाबाद, नूर खान जैसे प्रमुख एयरबेस को भारी नुकसान हुआ था। इसके अलावा कई आतंकी ठिकाने भी ध्वस्त हो गए थे।

ट्रंप की भूमिका और बयान

डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले दावा किया था कि भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने में अमेरिका की भूमिका रही। अब उन्होंने कहा है कि “ऑपरेशन सिंदूर में 5 लड़ाकू विमान गिराए गए थे।” लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि वे विमान भारत के थे या पाकिस्तान के। ट्रंप के बयान से एक नया विवाद जरूर खड़ा हुआ है, लेकिन इसमें धुंध साफ नहीं है। विमान किसके थे, किसने गिराए, और क्या यह अमेरिका की कूटनीति का हिस्सा था? राहुल गांधी के सवाल ने बीजेपी को मौका दे दिया है कांग्रेस पर राष्ट्रविरोधी रुख का आरोप लगाने का। मोदी सरकार की चुप्पी भी अब सवालों में है। क्या वह ट्रंप के बयान को नजरअंदाज करना चाहती है या सचमुच कोई संवेदनशील जानकारी छिपा रही है?

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Vijay Choudhary
लेखक के बारे में
पछले पांच सालों से डिजिटल पत्रकार हैं. जुनूनी न्यूज राइटर हैं. तीखे विश्लेषण के साथ तेज ब्रेकिंग करने में माहिर हैं. देश की राजनीति और खेल की खबरों पर पैनी नजर रहती है. View all posts by Vijay Choudhary
Follow Us :GoogleNews