
ग्वालियर।अतुल सक्सेना।
कोरोना महामारी के चलते सरकार लोगों को जागरूक कर रही है साथ ही अपील भी कर रही है कि कोई भी भ्रामक पोस्ट ना करे, बावजूद इसके कुछ लोग इस तरह की हरकत कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला ग्वालियर में सामने आया है। एक युवक ने अपने फेसबुक पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम से आपत्तिजनक पोस्ट डाली। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गोला का मंदिर थाना पुलिस के सब इंस्पेक्टर गंभीर सिंह के मुताबिक बीती शाम शिकायत प्राप्त हुई कि किसी ने अपने फेसबुक पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लेटरहेड का उपयोग करते हुए कोरोना को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट की है। शिकायत के बाद पुलिस ने फेसबुक पोस्ट को देखा और आरोपी दुर्गेश सिंह भदौरिया तक पहुँच गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी दुगेश मूलतः थाना अटेर जिला भिंड का रहने वाला है और यहाँ भगत सिंह नगर गोला का मंदिर पर रहता है। और प्राइवेट जॉब करता है। युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पोस्ट को अपने फेसबुक पर डालने के पीछे युवक का क्या मकसद था।
ये है पूरा मामला
दरअसल, सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक अपील भरा पत्र वायरल हो रहा है। जिसमें लिखा है कि ”सभी मध्य्रप्रदेश के निवासियों से बहुत दुखी होकर बताया जा रहा है कि लॉकडाउन का सही तरह से पालन नही होने के कारण 1 अप्रैल से सभी घरों में ताला लगाया जाएगा, और रोजाना सुबह शाम, राशन सब्जी और जरूरतमंदों को दवा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद भी यदि कोई व्यक्ति घर से बाहर देखा गया तो तत्काल गोली मार दी जाएगी।” इस पत्र के वायरल होने के बाद हड़कंप मचा तो मध्य प्रदेश का जनसंपर्क एक्शन में आ गया और उन्होंने ट्वीटर के माध्यम से इसका खंडन किया। उन्होंने ट्वीट जारी करते हुए मध्य प्रदेश की जनता से यह अपील की है कि वह कोई भी सूचना मध्य प्रदेश के जनसंपर्क साइड से ही प्राप्त करें और अफवाह से बचें।इस संबंध में कटनी जिले के थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 223/20 धारा 66D IT Act 505b, 507 IPC के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। दोषियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस तत्परता से प्रयासरत है। सिवनी जिले के केवलारी थाना में भी इसी संबंध में आई.पी.सी. की धारा 188 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद युवक को ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया।


निदेशक और संपादक

