जबरन पेशाब पिलाए जाने से क्षुब्ध युवक ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट और वीडियो में बयां किया दर्द

Mysteries-of-the-suicide-badmash

शिवपुरी

शिवपुरी के अमोला थानांतर्गत सजोर गांव में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर हमें संदेह होने लगता है कि क्या हम एक सभ्य समाज के बाशिंदे हैं। यहां पूजा करने गए एक युवक से मामली विवाद के बाद कुछ लोगों ने उसे पेशाब पीने पर मजबूर कर दिया। इस घटना से दुखी युवक ने बाद में खुदकुशी कर ली, लेकिन जाते जाते वो सुसाइड नोट के साथ एक वीडियो बना गया जिसमें उसने कहा कि मुझे इस हालत में पहुंचाने वाले भी तड़प तड़प कर मरेंगे।

जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह साजौर गांव में देवी के मंदिर में 22 साल का विकास शर्मा पूजा करने गया था। बीएससी का छात्र विकास जब हैंडपंप पर हाथ मुंह धोने लगा तो वहां पहले से ही तारावती कोली और प्रियंका कोली मौजूद थी। विकास जब हैंडपंप से पानी भरकर हाथ मुंह धो रहा था तो गलती से पानी के छींटे उन महिलाओं के बर्तन पर पड़ गए। इसपर तारावती और प्रियंका विकास के साथ झगड़ने लगी और गाली गलौज करने लगी। इतने में वहां मनोज कोली नाम का व्यक्ति भी आ पहुंचा, सबने मिलकर विकास से मारपीट की और फिर मनोज ने लोटे में पेशाब कर जबरदस्ती विकास को पिला दी।

इस घटना से आहत विकास शर्मा ने घर आकर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मरने से पहले विकास ने एक सुसाइड नोट लिखा और वीडियो भी बनाया जिसमें सबके नामों का उल्लेख करते हुए पूरी घटना बताई। दुखी युवक ने अपने आखिरी संदेश में लिखा कि तीनों आरोपी भी तड़प तड़प कर मरेंगे, यही मेरी बद्दुआ है।

ये घटना सामने आने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। लेकिन पुलिस ने एफआईआर में गंदगी पिलाने का जिक्र नहीं किया जिससे नाराज घरवालों ने युवक का शव रखकर मांग की कि पुलिस एफआईआर में पूरी घटना को दर्ज करे। उधर ब्राह्मण संगठन ने भी कलेक्टर को सीएम के नाम ज्ञापन सोंपकर परिवार को एक करोड़ सहायता राशि, आत्मरक्षा के लिए हथियार का लायसेंस और परिवार में से किसी एक को नौकरी देने की मांग की है। बता दें कि पिछले साल अप्रैल में विकास के चाचा जो पंचायत सचिव थे, उन्होने कोली परिवार के कोमलप्रसाद की जमीन विवाद को लेकर हत्या कर दी थी। तभी से दोनों परिवारों में विवाद चल रहा था जिसका परिणाम इस दुखद घटना के रूप में सामने आया है। मामले के तूल पकड़ने के बाद शिवपुरी एसपी ने आश्वासन दिया है कि एफआईआर में सभी बातों का उल्लेक कर पूरी जांच की जाएगी।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews