17 साल में पहली बार मुनाफे में आई बीएसएनएल, कस्टमर बेस बढ़कर दिसंबर तिमाही में 9 करोड़ पहुंचा

बीएसएनएल, जो एक समय 1800 करोड़ से भी ज्यादा के घाटे में था, अब 17 साल में पहली बार मुनाफे में आई है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में कुल 262 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया है। इस बात की जानकारी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दी है।
17 साल में पहली बार मुनाफे में आई बीएसएनएल, कस्टमर बेस बढ़कर दिसंबर तिमाही में 9 करोड़ पहुंचा

भारतीय संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) 17 साल बाद मुनाफे में लौटी है। दरअसल, 14 फरवरी को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसकी जानकारी दी। 17 सालों में यह पहली बार है जब कंपनी मुनाफे में लौटी है। वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में कंपनी को 262 करोड़ रुपए का बड़ा मुनाफा हुआ है। इससे पहले आखिरी बार 2007 में बीएसएनएल ने लाभ दर्ज किया था।

एक ओर जहां प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियां अपने रिचार्ज प्लान में बढ़ोतरी कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर बीएसएनएल ग्राहकों की सुविधा के लिए सस्ते और किफायती प्लान लॉन्च कर रही है। इस समय बीएसएनएल एक बार फिर अपने नेटवर्क को मजबूत करने में जुटी हुई है, जिसका परिणाम यह है कि कंपनी मुनाफे में लौटी है।

ग्राहक बढ़ाने में तेजी से आगे बढ़ रही कंपनी

दरअसल, लंबे समय से ग्राहक महंगे रिचार्ज से परेशान थे। ऐसे में बीएसएनएल की किफायती सेवाओं की ओर ग्राहक आकर्षित हो रहे हैं और कंपनी पर भरोसा जता रहे हैं। कंपनी ने अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही में मोबिलिटी सर्विस से 15% और फाइबर-टू-द-होम (FTTH) सेवा से 18% राजस्व उत्पन्न किया है, जिससे साफ झलकता है कि यह मुनाफा पिछले साल की तुलना में 14% अधिक है। पिछले चार सालों के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी का एबिटडा (EBITDA) 1100 करोड़ से बढ़कर 2100 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।

कस्टमर बेस बढ़कर दिसंबर तिमाही में 9 करोड़ पहुंच गया

14 फरवरी को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने मौजूदा वित्त वर्ष में वित्तीय सुधारों और कुल खर्च में कटौती की, जिससे मुनाफा हुआ। पिछले साल की तुलना में हुए घाटे से अधिक कंपनी ने इस वर्ष कमाया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यह भी बताया कि कंपनी का कस्टमर बेस बढ़कर दिसंबर तिमाही में 9 करोड़ पहुंच गया है, जो जून में 8.4 करोड़ था। दरअसल, इस समय बीएसएनएल अपनी कनेक्टिविटी को मजबूत करने में जुटी हुई है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बीएसएनएल देशभर में अपने ग्राहकों को 4G सेवा प्रदान करने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी ने कुल 1,00,000 टावर लगाने का लक्ष्य रखा है, जिनमें से 75,000 टावर पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews