टेस्ला से Elon Musk को हटाने की खबर ने मचाई खलबली! जानिए टेस्ला ने क्या दिया जवाब

Elon Musk को टेस्ला से हटाने की रिपोर्ट के बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है। WSJ ने दावा किया कि कंपनी नए CEO की तलाश में है। मस्क ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे झूठा बताया है। साथ ही टेस्ला बोर्ड ने भी इन अटकलों को सिरे से खारिज किया है। जानिए पूरा मामला क्या है।
टेस्ला से Elon Musk को हटाने की खबर ने मचाई खलबली! जानिए टेस्ला ने क्या दिया जवाब

दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के CEO एलन मस्क को लेकर एक रिपोर्ट ने सोशल मीडिया और निवेशकों के बीच हलचल मचा दी है। वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट में दावा किया गया कि कंपनी ने मस्क की जगह नए CEO की तलाश शुरू कर दी है और इसके लिए कुछ रिक्रूटमेंट एजेंसियों से बात भी की गई है। यह दावा ऐसे समय आया है जब टेस्ला की कमाई में भारी गिरावट देखी जा रही है और मस्क की व्हाइट हाउस में बढ़ती सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

WSJ की रिपोर्ट के जवाब में एलन मस्क ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि यह “नैतिकता का घोर उल्लंघन” है। उन्होंने अखबार पर झूठी रिपोर्टिंग का आरोप लगाते हुए कहा कि टेस्ला बोर्ड पहले ही इन दावों को खारिज कर चुका है।

टेस्ला की सफाई

टेस्ला की चेयरपर्सन रोबिन डेनहोल्म ने भी WSJ की खबर को गलत बताया। उन्होंने साफ किया कि कंपनी ने किसी भी रिक्रूटमेंट फर्म से संपर्क नहीं किया है और न ही नए CEO की तलाश हो रही है। डेनहोल्म ने यह भी जोड़ा कि एलन मस्क कंपनी की भविष्य की रणनीति में पूरी तरह से शामिल हैं।

टेस्ला में गिरती कमाई

हाल के महीनों में टेस्ला को बाजार में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। कंपनी की पहली तिमाही की कमाई में 9 फीसदी की गिरावट आई है और सालाना आधार पर मुनाफा 71% तक घट गया है। इन आर्थिक दबावों के बीच मस्क की बढ़ती राजनीतिक भूमिका भी सुर्खियों में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मस्क अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में खुलकर सामने आए और इसी के चलते उन्हें वाइट हाउस में DOGE (Department of Government Efficiency) की जिम्मेदारी भी मिली। इससे टेस्ला के शेयरधारकों में चिंता बढ़ गई कि कहीं मस्क का ध्यान कंपनी से हट तो नहीं रहा।

मस्क के हटने की अटकलें क्यों तेज हुईं?

टेस्ला के CEO पद को लेकर चर्चाएं नई नहीं हैं। बीते कुछ वर्षों में मस्क की बढ़ती व्यस्तताओं SpaceX, X (Twitter), Neuralink जैसी कंपनियों के चलते निवेशकों में यह चिंता बनी रहती है कि क्या मस्क टेस्ला को पर्याप्त समय दे पा रहे हैं? इसके अलावा कंपनी की स्ट्रैटेजिक मीटिंग्स में मस्क की गैरमौजूदगी और बोर्ड के अन्य सदस्यों द्वारा बढ़ती जिम्मेदारियां संभालना भी अटकलों को हवा देता है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews