सोशल मीडिया पर आए दिन कोई ना कोई वीडियो वायरल होती है जो लोगों के बीच चर्चा में आ जाती है। वैसे भी लोगों के बीच फेमस होने का ऐसा क्रेज चढ़ा है कि वह कुछ भी करने को तैयार हो जाते हैं। सोशल मीडिया पर हाल ही में हनीमून कोच का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिस पर जमकर बवाल मचा था। इसके बाद अब ट्रेन का एक और वीडियो सामने आया है, जिसे देखने के बाद लोगों ने तरह-तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं।
जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें चलती कोई ट्रेन के डिब्बे के अंदर पंडित जी बैठकर पूजा पाठ कर रहे हैं और यजमान धार्मिक अनुष्ठान करता नजर आ रहा है। सफेद कपड़े पहने हुए कई लोग इस पूजा में दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर जैसे ही यह वीडियो सामने आया तरह-तरह के सवाल किए जाने लगे। लोगों का कहना था कि क्या ट्रेन के अंदर इस तरह के काम करने की इजाजत है। मामला बढ़ता हुआ देखकर रेलवे ने खुद इसकी जानकारी दी है।
कैसा है वीडियो
जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें ट्रेन कोच के फर्श पर पंडित जी बैठे हुए हैं और विधि विधान से पूजा करवा रहे हैं। आसपास बैठे हुए अधिकतर लोगों ने सफेद रंग के कपड़े पहने हैं और इस धार्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बने हुए हैं। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ रेलवे के सुरक्षा नियमों पर सवाल उठाए जाने लगे और यह पूछा जाने लगा कि इस तरह की गतिविधि चलती ट्रेन में कैसे की जा सकती है।
रेलवे ने किया खुलासा
बढ़ते सवालों को देखते हुए उत्तर रेलवे ने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से इस मामले पर सफाई दी है। रेलवे ने कहा है कि यह कोई आम यात्री कोच नहीं था बल्कि प्राइवेट सैलून कार है जिसे एक पार्टी ने IRCTC के जरिए बुक किया था। बता दें कि इस कार में रेलवे की उच्च अधिकारियों और वीआईपी लोगों के लिए बनी एक आलीशान प्राइवेट बोगी होती है। जानकारी के मुताबिक 8 जुलाई को एडवांस पेमेंट देकर इसे बुक किया गया था।
मुंबई के सफर के लिए लाखों रुपए
रेलवे के मुताबिक लगभग 3,08,580 रुपए का एडवांस पेमेंट देकर इसे बुक किया गया था। ये वीआईपी बोगी 10 जुलाई को नई दिल्ली से मुंबई जाने वाली ट्रेन 12926 पश्चिम एक्सप्रेस के साथ जोड़ी गई थी। यह पूरी तरह से प्राइवेट और बुक की गई बोगी थी इसलिए इसमें सफर करने वाले यात्रियों को अपने निजी कार्यक्रम करने की छूट है और इससे आम लोगों को कोई परेशानी नहीं हुई।
सोशल मीडिया यूजर्स का रिएक्शन
रेलवे ने जब स्पष्टीकरण दिया उसके पहले सोशल मीडिया पर यूजर्स तरह-तरह की बातें कर रहे थे। एक यूजर ने लिखा अब लोग ट्रेन में ही सीधे स्वर्ग की टिकट कटाने की तैयारी कर रहे हैं। एक ने कहा अगर आम आदमी ट्रेन में अगरबत्ती जला ले तो जुर्माना लग जाता है तो फिर इनके लिए नियम अलग क्यों है। एक यूजर ने कहा भाई पैसा हो तो क्या नहीं हो सकता। इस तरह के अलग अलग कमेंट वीडियो पर देखने को मिल रहे हैं।
