भारतीय शेयर बाजार के लिए कल का दिन अहम होने वाला है। दरअसल कल से नए महीने की शुरुआत हो जाएगी। कल से अक्टूबर का महीना शुरू होगा। सितंबर का महीना उतार-चढ़ाव वाला रहा। अंतिम सप्ताह में बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली। ऐसे में अब अक्टूबर के शुरुआती हफ्ते में कारोबार देखने लायक रहेगा। निवेशक चाहेंगे कि बाजार हरे निशान में बना रहे। बुधवार को नए महीने की शुरुआत हो रही है। ऐसे में 3 दिन का कारोबार इस नए महीने में देखने को मिलेगा। लेकिन इसके अलावा भी निवेशकों के लिए यह महीना महत्वपूर्ण होने वाला है।
बता दें कि अक्टूबर के महीने में दीपावली का बड़ा त्यौहार रहेगा। ऐसे में निवेशकों के लिए न सिर्फ मुहूर्त ट्रेडिंग महत्वपूर्ण होने वाली है, बल्कि यह महीना भी काफी खास होने वाला है। इस महीने तीन छुट्टियां लगने वाली हैं। चलिए जानते हैं कि अक्टूबर के महीने में शेयर बाजार कितने दिन बंद रहेगा।
अक्टूबर में इतने दिन बंद रहेगा शेयर बाजार
जानकारी दे दें कि 1 अक्टूबर के कारोबार के बाद फिर शेयर बाजार में अवकाश रहेगा। दरअसल 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के चलते और दशहरे के पर्व को लेकर शेयर बाजार बंद रहेगा। उस दिन कोई भी ट्रेडिंग नहीं होगी। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की ऑफिशल वेबसाइट पर भी इसकी जानकारी दे दी गई है। लेकिन इसके अलावा भी शेयर बाजार में अवकाश रहने वाला है। बता दें कि 21 और 22 अक्टूबर को दीपावली लक्ष्मी पूजन और बली प्रतिपदा के चलते मार्केट में ट्रेडिंग नहीं होगी। लेकिन 21 अक्टूबर के दिन बाजार में 1 घंटे के लिए खास ट्रेडिंग सेशन रखा जाएगा जिसे मुहूर्त ट्रेडिंग कहा जाता है।
कुल 3 दिन भारतीय शेयर बाजार में अवकाश रहेगा
अक्टूबर में कुल 3 दिन भारतीय शेयर बाजार में अवकाश रहने वाला है। इसके अलावा नवंबर के महीने की शुरुआत में भी छुट्टी रहेगी। बता दें कि 5 नवंबर को प्रकाश पर्व के चलते भारतीय शेयर बाजार बंद रहेगा। वहीं 25 दिसंबर को भी शेयर बाजार में अवकाश रहने वाला है। 25 दिसंबर को क्रिसमस के कारण शेयर बाजार में किसी भी तरह का ट्रेडिंग सेशन आयोजित नहीं किया जाएगा। अक्टूबर का महीना निवेशकों के लिए अच्छी खबर लेकर आ रहा है। दीपावली के मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान निवेशक साल की शुरुआत अच्छे स्टॉक लेकर करते हैं। बता दें कि हिंदू कैलेंडर के अनुसार इस दिन से नए वर्ष की शुरुआत होती है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में इस साल 21 अक्टूबर को दोपहर 1:45 बजे से 2:45 तक ट्रेडिंग सेशन रखा जाएगा।






